प्रयागराज में सीएम ने प्रतिमा का अनावरण किया: कहा-बाबू मसुरियादीन ने देश के लिए किया संघर्ष, महापुरुषों के सम्मान से ही देश आगे बढ़ेगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने तेलियरगंज चौराहे के पास स्वतंत्रता सेनानी बाबू मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी ग्राउंड पर आयोजित मतदाता सम्मेलन और जनसभा को संबोधित किया। मंच पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रयागराज पहुंचे। यहां उन्होंने तेलियरगंज चौराहे के पास स्वतंत्रता सेनानी बाबू मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद वे रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। सीएम योगी ने कहा कि मसुरियादीन पासी ने देश की आजादी के लिए नौ साल जेल में बिताए। जेल से बाहर आने के बाद भी वे जनजागरण के कार्य में लगे रहे। 1945 में वे विधानसभा के सदस्य चुने गए। आजादी के बाद 1952 से 1972 तक वे चार बार संसद में चुनकर पहुंचे।
1952 में एक ही सीट से चुने जाते थे दो सांसद
उन्होंने कहा कि 1952 में एक ही सीट से दो सांसद चुने जाते थे। उस समय जवाहरलाल नेहरू और मसुरियादीन पासी दोनों एक साथ चुनकर आए थे। उन्होंने देश के अंदर काले कानून के खिलाफ आवाज उठाई। सीएम ने कहा कि मसुरियादीन ने सोनकर और पासी समाज को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़कर सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का सम्मान किसी एक परिवार की बपौती नहीं है। देश के लिए कुर्बानी देने वालों को सम्मान मिलना ही चाहिए। प्रयागराज को बड़ी सौगात देते हुए सीएम ने घोषणा की कि जिस चौराहे पर प्रतिमा लगी है उसका नाम भी मसुरियादीन के नाम पर रखा जाएगा। साथ ही प्रयागराज की किसी संस्था का नाम भी बाबू मसुरियादीन के नाम पर किया जाएगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

