मिर्जापुर में गरजे सीएम योगी: कहा-विकास के रास्ते में बैरियर बन रही सपा, एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को जिताएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पहले नवरात्रि में मूर्ति रखने पर भी विवाद होता था, अब सरकार खुद आपके द्वार खड़ी है। उन्होंने विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट की अपील की और सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाया।
सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह हेलीकॉप्टर से मोतिया झील हेलीपैड पहुंचे। यहां से वे सीधे मां विंध्यवासिनी मंदिर गए और पूजा-अर्चना की। पूजन के बाद वे कालीखोह के पास आयोजित जनसभा में पहुंचे। मंच से उन्होंने कहा कि जो लोग पहले माफिया के सामने गिड़गिड़ाते थे, वे आज सुरक्षा की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में नौकरियां पारदर्शी तरीके से मिल रही हैं और विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। सपा पर हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि सपा ने मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और गंगा पर पुल के निर्माण में रुकावट डाली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव में वाराणसी खंड के स्नातक प्रत्याशी केदारनाथ सिंह और शिक्षक प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को भारी मतों से जिताकर सदन भेजें। उन्होंने कांग्रेस और सपा को परिवार की पार्टी बताते हुए कहा कि एक तरफ नेहरू परिवार है तो दूसरी तरफ सैफई परिवार। भाजपा सरकार ने विंध्याचल में कॉरिडोर बनाकर श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाई है, जहां अब रोज दो लाख लोग दर्शन कर रहे हैं।
23 अक्टूबर को होगा एमएलसी का चुनाव
सीएम ने कहा यह सब विकास करना है तो फिर इनको बैरियर ही बने रहने दीजिए। चुनकर के मत भेजिए। इनके बैरियर को हम एक झटके में उखाड़ करके बाहर कर देंगे। अपने आप को तैयार होना होगा और बहन और भाइयों इसी के लिए आज हम सब आपके पास आए हैं। 23 अक्टूबर की तिथि विधान परिषद की शिक्षक विधान परिषद सीट के लिए वाराणसी खंड का चुनाव होने जा रहा है। वाराणसी में नौ जनपद हैं बलिया से लेकर के मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी समेत सभी जिलों में विकास के लिए अपने प्रयास को आगे बढ़ाना होगा। स्नातक और शिक्षक क्षेत्र के उम्मीदवारों को चुनकर विधान परिषद भेजने का काम करिए।
कांग्रेस ने प्रदेश को और जनता ने कांग्रेस को बेगाना बना दिया
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस केवल नेहरु परिवार और सपा सैफई परिवार तक सीमित है। प्रदेश को बेगाना बना दिया था। इसलिए जनता ने इनको बेगाना बना दिया। विकास तब भी हो सकता था। मां अष्टभुजी व कालीखोह के इन त्रिकोण को जोड़ने के साथ वहां का विकास हो सकता था। पहले यही पैसा जो आज मां विंध्वासिनी के कॉरिडोर में खर्च हो रहा है। त्रिकोण व बुनियादी सुविधा, मां गंगा में बड़े घाट के निर्माण में खर्च हो रहा है। यही पैसा 2017 के पहले कब्रिस्तान की बाउंड्री के नाम पर गरीब की जमीन कब्जा करने के नाम पर खर्च करते थे। भाजपा सरकार ने यही पैसे के दुरुपयोग को रोका है और इधर मोड़ा है।
रोजाना दो लाख श्रद्धालु करते हैं दर्शन
सीएम ने कहा कि विंध्याचल धाम में प्रतिदिन दो लाख लोग आकर दर्शन कर रहे हैं। पहले कितना सकरा था। हमारे विधायक है पंडित जी। पहले कितनी समस्या होती थी। श्रद्धालुओं को दिक्कत होती है। अब बिहार, मध्य प्रदेश या अन्य जगह जाते हैं तो लोग कहते है कि मां विंध्यवासिनी धाम गए थे। अब मां का धाम भव्य हो गया है। इसके लिए इच्छा शक्ति चाहिए। वोट बैंक से ऊपर उठने का सामर्थ्य चाहिए। यही दुर्भाग्य था देश का कि आजादी के बाद जिनको सत्ता सौंपी वे स्वयं दिग्भर्मित थे। कोई दिशा नहीं थी। हर काम परिवार के नाम। अपने परिवार तक सीमित थे। कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी दोनों की यही नियत है। इसलिए इनकी छुट्टी कर दी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

