प्रयागराज में बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या की: टहलने निकले थे बुजुर्ग, भरण-पोषण को लेकर था विवाद

प्रयागराज|13 जून 2026
टहलने निकले थे बुजुर्ग, भरण-पोषण को लेकर था विवाद

कर्नलगंज क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। जहां एक बेटे ने कथित तौर पर अपने ही बुजुर्ग पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भरण-पोषण के खर्च को लेकर चल रहे विवाद के कारण आरोपी बेटे ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जबकि पुलिस आरोपी और उसके सहयोगी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, शिवकुटी थाना क्षेत्र के लाल की सराय निवासी 70 वर्षीय राम दुलारे कोरी रोजाना की तरह टहलने निकले थे। इसी दौरान कर्नलगंज के लल्ला चुंगी चौराहे के पास बाइक सवार दो युवक पहुंचे। जानकारी के अनुसार, पीछे बैठे युवक ने राम दुलारे को नजदीक से गोली मार दी और दोनों मौके से फरार हो गए। घटनास्थल से विश्वविद्यालय पुलिस चौकी महज 100 मीटर दूर होने के बावजूद वारदात को अंजाम देकर आरोपी आसानी से निकल गए। शुरुआत में पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बुजुर्ग सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान सीने में गोली लगने की पुष्टि होने पर मामला हत्या में बदल गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पूरी वारदात कैमरे में कैद मिली। फुटेज में बाइक पर आए दो युवक दिखाई दिए। परिजनों को वीडियो दिखाने पर हमलावर की पहचान मृतक के छोटे बेटे अखिलेश उर्फ शिवा के रूप में हुई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि राम दुलारे और उनके बेटों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बुजुर्ग ने भरण-पोषण को लेकर कोर्ट में केस दायर किया था। जिसमें उनके पक्ष में आदेश आया था। माना जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी बेटे ने हत्या की साजिश रची।

दूसरे आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस

एसीपी कर्नलगंज विमल किशोर मिश्रा ने बताया कि घटना में शामिल दूसरे युवक की भी पहचान की जा रही है। उसके आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।