प्रयागराज जंक्शन पर सज रहा मंच: उत्तर भारत की पहली स्लीपर वंदे भारत का होगा भव्य स्वागत, शाम छह बजे जंक्शन पर पहुंचेगी 'स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस'

उत्तर भारत के रेल यात्रियों के लिए आरामदायक और लग्जरी सफर का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। वाराणसी से देश की राजधानी नई दिल्ली के बीच चलने वाली उत्तर भारत की पहली और देश की दूसरी 'स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस' शनिवार को अपनी उद्घाटन यात्रा पर निकलेगी। शनिवार शाम ठीक छह बजे यह ट्रेन प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर पहुंचेगी, जहां रेल प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा इसका ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा।
उत्तर मध्य रेलवे (NCR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा के अनुसार, उद्घाटन के दिन यह ट्रेन विशेष सेवा के रूप में चलाई जा रही है। नियमित रूप से इस ट्रेन के कमर्शियल फेरों की तारीखों और बुकिंग की घोषणा भी जल्द ही रेलवे बोर्ड द्वारा कर दी जाएगी।
वीक में छह दिन देगी सेवा
वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस के नियमित संचालन के समय और ठहराव पर रेलवे बोर्ड ने अंतिम मुहर लगा दी है। यह ट्रेन प्रयागराज और कानपुर के साथ-साथ अलीगढ़ और गाजियाबाद के यात्रियों को भी रातभर में गंतव्य तक पहुंचाएगी। यह सेवा सप्ताह में छह दिन उपलब्ध रहेगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है नई ट्रेन
यह सेमी-हाई स्पीड स्लीपर ट्रेन यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देगी। इसमें आरामदायक बर्थ, हर सीट पर चार्जिंग पॉइंट, मॉडर्न बायो-टॉयलेट, सामान रखने के लिए विशेष जगह और सुरक्षा के लिहाज से पूरी ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यह ट्रेन खासकर व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और काशी-प्रयाग आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए बेहद मददगार साबित होगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

