प्रयागराज में काली स्वांग के दौरान भिड़े दो पक्ष: विवाद बढ़ने पर पुलिस ने भांजी लाठियां, मामूली बात पर शुरू हुआ था बवाल
दारागंज में मां काली के स्वांग के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई। देखते ही देखते दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए और लात-घूंसे चलने लगे। इससे मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठी चलानी पड़ी। पुलिस की कार्रवाई के बाद लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दारागंज में पांच दिवसीय काली स्वांग का आयोजन 12 अक्टूबर से शुरू हुआ है। परंपरा के अनुसार, प्रतिदिन शाम को मां काली का स्वांग निकाला जाता है। इसे देखने और मां के दर्शन कर आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। आयोजन के दूसरे दिन भी इलाके में लोगों की भीड़ जुटी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करने लगे।
मारपीट के कारण कुछ देर रुका स्वांग
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। भीड़ बढ़ने और विवाद के उग्र होने पर पुलिस ने लाठी चलाकर लोगों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद वहां मौजूद लोग अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। मारपीट और पुलिस की कार्रवाई के चलते कुछ देर तक मां काली का स्वांग प्रभावित रहा। हालांकि, स्थिति सामान्य होने के बाद आयोजन दोबारा शुरू हुआ। मां काली ने भक्तों को दर्शन दिए और उन्हें आशीर्वाद दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें मारपीट के बाद पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाठी चलाते देखा जा सकता है। घटना के बाद इलाके में इसकी चर्चा बनी हुई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

