प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी: एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों की हत्या, घर से कुछ दूरी पर मिली बॉडी

प्रयागराज|1 घंटा पहले
एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों की हत्या, घर से कुछ दूरी पर मिली बॉडी

प्रयागराज जिले में एक बार फिर सामूहिक हत्याकांड की घटना ने सनसनी फैला दी है। यमुनानगर के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। जबकि परिजनों में कोहराम मच गया। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार और मारपीट के जरिए हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार वारदात सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे के आसपास हुई। मृतकों की पहचान अमरावती देवी (65), इंद्रावती देवी (62) और श्यामलाल (65) के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार से जुड़े थे और गांव में रहते थे। मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि तीनों की बॉडी उनके घर से करीब 20 मीटर की दूरी पर पड़ी मिली। घटनास्थल की स्थिति और बिखरे साक्ष्यों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने पहले बुजुर्गों पर हमला किया। फिर उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या की बर्बरता ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

परिजनों ने लगाया आरोप

मामले में मृतकों के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी। परिजनों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर तनाव चल रहा था। घटना के बाद पुलिस ने इस जानकारी को गंभीरता से लेते हुए आरोपी और उससे जुड़े लोगों की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच

घटना की सूचना मिलते ही प्रयागराज पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजय पाल शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। फोरेंसिक विशेषज्ञों, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों का भी विश्लेषण किया जा रहा है।

जल्द खुलासे का दावा

एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों की हत्या से कुकुरकटवा गांव में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।