संतकबीरनगर में पहलवान ब्रह्मानंद हत्याकांड: इंसाफ की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पर धरना, पत्नी ने किया आत्मदाह का प्रयास

संतकबीरनगर में चर्चित पहलवान ब्रह्मानंद हत्याकांड में पुलिस की सुस्त कार्रवाई से नाराज परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को परिजन कलक्ट्रेट पहुंचकर धरने पर बैठ गए। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग के बीच मृतक की पत्नी ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। इससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह से महिला के हाथ से माचिस छीन लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, पहलवान ब्रह्मानंद के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को उनके परिजन कलक्ट्रेट पर धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है जिससे उन्हें इंसाफ नहीं मिल पा रहा है। धरने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारी उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दे रहे थे तभी अचानक ब्रह्मानंद की पत्नी ने बोतल में रखा डीजल अपने ऊपर डाल लिया और माचिस जलाने की कोशिश करने लगीं। मौके पर मौजूद परिजनों और पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उनके हाथ से माचिस छीन ली। समय रहते माचिस छीन लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद कलक्ट्रेट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर मामला शांत कराया है।
22 सितंबर को हुई थी हत्या
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के भगठान (गोसाईपुर) गांव में 22 सितंबर को पुरानी रंजिश में जिला केसरी खिताब से पुरस्कृत हो चुके पहलवान को गिठनी बाजार जाने के दौरान उनकी रास्ते में घात लगाकर बैठे कुछ लोगों ने रास्ते में घेरकर उनकी आंख में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल हो गया था। कोतवाली पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर चार आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली थी।
भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
भगठान(गोसाईपुर)गांव निवासी प्रशासक रामाकांत यादव पुत्र दयाराम ने कोतवाली खलीलाबाद थाने में दी गई तहरीर में बताया था कि उनके छोटे भाई 35 वर्षीय ब्रह्मानंद यादव अपनी बाइक से महुली थाना क्षेत्र के गिठनी बाजार जा रहे थे। वह अपने गांव के राकेश यादव के घर के सामने पहुंचे थे तभी पुरानी रंजिश को लेकर पहले से घात लगाकर बैठे उनके गांव के राकेश यादव,छबिराम,अजय,अभिमन्यु यादव ने उनकी बाइक रोक ली। लाल मिर्च का पाउडर उनकी आंख में डाल दिया। इससे वह बाइक के साथ जमीन पर गिर गए। इसके बाद ये आरोपियों ने उनकी पीटकर हत्या कर दी।
पहलवान समाज में फैल गया था आक्रोश
पहलवान ब्रह्मानंद की हत्या के बाद पहलवान समाज में आक्रोश फैल गया था। लोगों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

