धारदार हथियार से गला काटकर युवक की हत्या: आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर किया प्रदर्शन, शादी समारोह में आरोपी को मारा था थप्पड़

संतकबीरनगर|19 जून 2026
आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर किया प्रदर्शन, शादी समारोह में आरोपी को मारा था थप्पड़

जिले में एक युवक की सरेआम बाजार में तेज धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे पांच दिन पहले हुए एक विवाद को वजह बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, एक शादी समारोह के दौरान आरोपी ने युवक की भांजी से छेड़खानी की थी। इसका विरोध करते हुए युवक ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। घटना बखिरा थाना क्षेत्र की है, जो जिला मुख्यालय से करीब 28 किलोमीटर दूर स्थित है। हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मृतक की पहचान बखिरा थाना क्षेत्र के कोलकी चमरसन गांव निवासी आनंद (30) के रूप में हुई है। आनंद टाइल्स लगाने का काम करता था। जानकारों और परिजनों के अनुसार, वह बभनी चौराहे पर मशीन देने आया था। मशीन देने के बाद उसने मछली खरीदी और गुटखा लेकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पास के गांव का रहने वाला नासिर अली (18) वहां पहुंचा। आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसे तलवार उपलब्ध कराई। इसके बाद उसने आनंद की गर्दन पर वार कर दिया। हमला इतना तेज था कि आनंद की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने घटना में एक मुर्गा विक्रेता, दो नाई और कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता का भी आरोप लगाया है।

गुस्साए लोगों ने आरोपी का घर फूंका

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण बभनी चौराहे पर एकत्र हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी नासिर अली की बाल काटने की गुमटी और उसके घर में आग लगा दी। स्थिति बिगड़ते देख तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी संदीप कुमार मीना और सीओ ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। देर रात एडीजी अशोक मुथा जैन, डीआईजी संजीव त्यागी और डीएम आलोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

मृतक की पत्नी ने की एनकाउंटर की मांग

परिजनों के अनुसार, पांच दिन पहले एक शादी समारोह में नासिर अली ने आनंद की भांजी से छेड़खानी की थी। जानकारी मिलने पर आनंद ने विरोध करते हुए आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। पुलिस की शुरुआती जांच में भी इसी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि नासिर और आनंद के घरों के बीच करीब दो किलोमीटर की दूरी है। मृतक की पत्नी मीना देवी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके पति की बेरहमी से हत्या की गई है और दोषियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए। इस बीच शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जा रही एंबुलेंस रास्ते में खराब हो गई। इसे काफी प्रयास के बाद दोबारा चालू किया जा सका।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

आनंद अपने परिवार का सहारा था। उसकी शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी अनन्या तीन वर्ष की है। वहीं, छोटी बेटी आराध्या अभी छह माह की है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिजनों के अनुसार, आनंद छह मई को चेन्नई से घर आया था। कुछ दिनों बाद वापस जाने की तैयारी कर रहा था।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एडीजी अशोक मुथा जैन ने बताया कि युवक बाजार में सामान खरीदने के लिए रुका था। इसी दौरान उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।