संतकबीरनगर में झाड़-फूंक के बहाने महिला से रेप: पति को पूजा का हवाला देकर दूर रोका, तांत्रिक पर केस दर्ज

जिले में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के बहाने महिला को बांध पर ले जाकर रेप करने का आरोप सामने आया है। पीड़िता ने धनघटा क्षेत्र के तिलहवा गांव निवासी दुर्गविजय सिंह के खिलाफ रेप और धमकी देने का केस दर्ज कराया। आरोपी सोखा का काम करता है और परिवार में तंत्र-बाधा दूर करने के नाम पर उसका महिला के घर आना-जाना था। पीड़िता गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है। शिकायत के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के बहाने उसे और उसके पति को अपने गांव तिलहवा बुलाकर घर के पास स्थित बांध की ओर ले गया। वहां उसने पूजा-पाठ एकांत में करने की बात कहकर पति को दूर रुकने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद आरोपी महिला को बांध पर आगे ले गया और उसकी विवशता का फायदा उठाकर जबरन दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर धमकाने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि विरोध और चीख-पुकार करने पर आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने और तंत्र-मंत्र से बर्बाद करने की धमकी दी। किसी तरह वह रोते हुए अपने पति के पास पहुंची और पूरी घटना बताई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर होगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

