संतकबीरनगर में गणेश विसर्जन में सांसद की गाड़ी पर पथराव: उग्र भीड़ के हमले में टूटे गाड़ी शीशे, डीजे थाने ले जाने पर भड़की भीड़
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे को थाने ले जाने को लेकर हुए विवाद ने बखिरा क्षेत्र में बवाल का रूप ले लिया। अमरडोभा चौराहे पर विरोध कर रही भीड़ ने वहां से गुजर रही सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ियों को घेर लिया। इस दौरान पथराव और तोड़फोड़ में गाड़ियों के शीशे टूट गए। पुलिस ने सांसद को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बखिरा कस्बे से गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस ढोढया नहर की ओर जा रहा था। जुलूस अमरडोभा चौराहे पर पहुंचा तो मेंहदावल के सीओ सर्वदमन सिंह भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सीओ ने जुलूस के साथ चल रहे डीजे वाहन की फोटो खींची और उसे बखिरा थाने ले जाने की बात कही। इससे जुलूस में शामिल लोग नाराज हो गए और सड़क पर बैठकर विरोध करने लगे। इसी दौरान सांसद की गाड़ी वहां से निकली और भीड़ ने उसे घेर लिया।
पुलिस ने सांसद को भीड़ से निकाला
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, भीड़ ने सांसद की गाड़ी पर पथराव किया और तोड़फोड़ की। सांसद के साथ मौजूद लोगों ने भी विरोध जताया। इसके बाद सड़क पर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। सूचना पर पुलिस बल के साथ अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और अपर जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।
सांसद बोले- पार्टी का झंडा देखकर किया हमला
सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने आरोप लगाया कि उनकी तीनों गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और पत्थर चलाए गए। उन्होंने कहा कि वह बाढ़ पीड़ितों और अन्य लोगों से मिलकर लौट रहे थे और चौराहे पर जाम में खड़े थे। इसी दौरान ‘पप्पू निषाद मुर्दाबाद’ के नारे लगाए गए। सांसद के मुताबिक, उनकी गाड़ी पर पार्टी का झंडा देखकर ईंट-पत्थर चलाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वह गाड़ी से निकलकर जान बचाने के लिए बाजार की ओर भागे। सांसद ने इसे जानलेवा हमला बताते हुए आरोप लगाया कि उपद्रवियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है और छोटी जाति का व्यक्ति सांसद बनने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया। पुलिस ने गाड़ियां तोड़ते लोगों को देखकर लाठीचार्ज किया, जिसके बाद वह किसी तरह थाने पहुंचे और वहां से घर चले गए।











