संतकबीरनगर में पेट्रोल चोरी के शक में पिटाई: दो युवकों को खंभे से बांधकर पीटा, पांच आरोपियों पर केस दर्ज

बखिरा थाना क्षेत्र के रसूलाबाद चौराहे पर बाइक से पेट्रोल निकालने के विवाद में दो युवकों को खंभे से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि वीडियो एक दिन पुराना है। आरोप है कि रसूलाबाद चौराहे पर बाइक से पेट्रोल निकालने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कुछ लोगों ने दो युवकों को पकड़ लिया और खंभे से बांधकर उनके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से जा चुके थे।
तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
लेडुवा महुआ निवासी फैयाज अहमद पुत्र नियाज अहमद ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्राधिकारी सर्वदमन सिंह के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने पेट्रोल निकालने के विवाद में मारपीट करने और उसे दूसरी जगह ले जाकर बांधने का आरोप लगाया है।
मामले की जांच कर रही पुलिस
थानाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले में निसार अहमद, मोहम्मद आबिद रजा, रहमतुल्लाह, नौसाद अहमद और फैज अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

