संतकबीरनगर में ट्रेलर से भिड़ा ट्रैक्टर: यू-टर्न ले रहे बाइक सवारों को बचाया, हादसे में चालक की मौत

संतकबीरनगर|
 यू-टर्न ले रहे बाइक सवारों को बचाया, हादसे में चालक की मौत

गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मीरगंज के पास बाइक सवारों को बचाने की कोशिश में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक की मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है।

खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के परदेसवा गांव निवासी सत्येंद्र प्रजापति पुत्र रामसेवक प्रजापति मेहनत-मजदूरी करते थे। वह गांव के ही एक व्यक्ति का ट्रैक्टर बनवाने के लिए खलीलाबाद की ओर जा रहे थे। मीरगंज के पास सामने से आ रहे बाइक सवारों को बचाने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सामने से जा रहे ट्रेलर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया और सत्येंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान बाइक सवार सलीम पुत्र अब्दुल गफ्फार निवासी पड़ियापार, थाना मुंडेरवा, बस्ती और उसका साथी भी ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गया।

अस्पताल पहुंचते ही चालक को मृत घोषित किया

हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सत्येंद्र को देखते ही मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल सलीम को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। दूसरे बाइक सवार का भी इलाज कराया गया।

बीकानेर से जा रहा था बिहार

जानकारी के अनुसार ट्रेलर राजस्थान के बीकानेर से पीओपी लादकर बिहार के फारबिसगंज जा रहा था। मीरगंज के पास बाइक सवार यू-टर्न ले रहे थे। इसी दौरान उन्हें बचाने के लिए सत्येंद्र ने ट्रैक्टर को साइड किया, लेकिन वाहन ट्रेलर से टकरा गया। कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।