हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर रेलिंग तोड़ नीचे गिरी बस: हादसे में 50 यात्री घायल, 12 की हालत गंभीर

सिद्धार्थनगर|1 घंटा पहले
हादसे में 50 यात्री घायल, 12 की हालत गंभीर

हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिद्धार्थनगर के बांसी से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में छह बच्चों समेत 50 यात्री घायल हो गए। वहीं, 12 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दुर्घटना पचदेवरा थाना क्षेत्र के भाहपुर सपहा गांव के पास हुई। बस नीचे गिरने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

मोबाइल पर बात करने का आरोप

बस में सफर कर रहे यात्री ने बताया कि बस में करीब 150 यात्री सवार थे। उनका आरोप है कि चालक यात्रा के दौरान मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इससे बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। हालांकि पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।

मामले की जांच कर रही पुलिस

हादसे में छह बच्चों समेत 50 यात्री घायल हुए हैं। इनमें सुनील कुमार, अमित कुमार, कृष्ण मोहन, गीता यादव, विनय कुमार यादव, विशाल, अनिल, सचिन, कृष्णा पांडेय, बनवारीलाल, राहुल यादव, राहुल पाठक, शहजाद, अजय, तबस्सुम, राजेश, अंशिका, आंचल, मोहन कुमार, अकबर अली, मुन्ना, हैदर अली, साजिद, अफजल, मनोज पाठक, गीता, अर्जुन, दिव्यांश, दिव्यांशी, अर्पित शुक्ला, अनुराधा, आरव, अनवि, राधेश्याम तथा मोवेंद्र शामिल हैं। सभी घायल सिद्धार्थनगर और बस्ती जनपद के निवासी बताए गए हैं। इनमें 12 यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, अन्य घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है। दुर्घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि हादसा रात करीब दो बजे हुआ। पुलिस दुर्घटना के कारणों और बस में यात्रियों की वास्तविक संख्या की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।