सिद्धार्थनगर में टॉवर पर मिला लापता युवक का शव: 6 महीने पुराने प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गोहना गांव में मंगलवार सुबह 132 केवी बिजली के टावर पर युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजन के रूप में हुई है। वह सोमवार शाम से लापता था। रातभर तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने टॉवर पर शव देखा और राजन के माता-पिता छबिलाल व मालती को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब छह महीने पहले राजन का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। बताया जाता है कि उस दौरान वह युवती को लेकर चला गया था। आरोप है कि युवती के परिवार के दबाव में राजन के परिजनों ने एक लाख 80 हजार रुपये देकर मामला शांत कराया था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों ने युवती के परिवार पर लगाया आरोप
राजन के परिजनों ने युवती के परिवार पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। शव के पास मिले काले दुपट्टे को भी वे युवती का बता रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। युवक की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

