कर्ज के दबाव में नासिक में व्यक्ति ने दी जान: जमीन के सौदे में 25 लाख गंवाए, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो

सिद्धार्थनगर|
जमीन के सौदे में 25 लाख गंवाए, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो

भवानीगंज थाना क्षेत्र के श्यामपुर निवासी राम अवतार ने महाराष्ट्र के नासिक में आत्महत्या कर ली। वह जमीन खरीदने के नाम पर करीब 25 लाख रुपये की कथित ठगी और लंबे समय से कर्ज के दबाव से परेशान थे। आत्महत्या से पहले बनाए वीडियो में उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति, कर्ज और जमीन के विवाद से जुड़ी बातें बताईं। पुलिस अब वीडियो के आधार पर जमीन के लेनदेन और रकम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

राम अवतार करीब पांच साल पहले अपनी जमीन बेचकर नासिक गए थे। वहां उन्होंने जमीन खरीदने के लिए करीब 25 लाख रुपये लगाए। आरोप है कि जमीन दिलाने के नाम पर उनसे रकम ली गई, लेकिन न जमीन मिली और न पूरी रकम वापस हुई। वीडियो में उन्होंने बताया कि यह पैसा उन्होंने अलग-अलग लोगों से कर्ज और ब्याज पर लिया था। उन्हें उम्मीद थी कि बैंक लोन मिलने के बाद वह कर्ज चुका देंगे। जमीन खेती की होने के कारण लोन नहीं हो सका। उन्होंने छह से आठ महीने तक इसके लिए प्रयास किया।

चार गुंठे के पैसे, कागजों में तीन गुंठे

राम अवतार ने जमीन के दस्तावेजों को लेकर भी विवाद का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, उनसे चार गुंठे जमीन के पैसे लिए गए थे, जबकि कागजों में तीन गुंठे जमीन ही थी। बाद में जमीन बेचने की कोशिश की तो कोई 12 लाख, कोई 15 लाख और कोई 16 लाख रुपये देने की बात कर रहा था। उन्होंने बताया कि आसपास जमीन की कीमत करीब 7 से 7.5 लाख रुपये प्रति गुंठा थी। आरोप है कि उनकी मजबूरी का फायदा उठाया गया और जमीन विवाद की जानकारी देकर संभावित खरीदारों को भी पीछे हटाया गया।

वीडियो में कारोबार और परिवार की चिंता

वीडियो में राम अवतार ने कहा कि वह कई दिनों से रकम वापस पाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकल रहा था। उन्होंने कर्ज देने वालों के दबाव का भी जिक्र किया। अकोले नाके की दुकान और बेकरी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बेकरी बंद करनी पड़ेगी, क्योंकि अब उसे कोई नहीं चला पाएगा। दुकान के एग्रीमेंट और किराए से जुड़ी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति को संभालने की बात भी कही।

जमीन खरीदने के बाद लगातार हुआ नुकसान

उन्होंने बताया कि जमीन खरीदने के बाद लगातार नुकसान हुआ। कारोबार की कमाई का बड़ा हिस्सा कर्ज और ब्याज चुकाने में चला जाता था। उन्होंने जमीन को अपने लिए ‘गले की फांसी’ बताते हुए कहा कि चिंता के कारण दूसरे काम में भी मन नहीं लग रहा था। परिवार का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी है, जबकि दूसरी पत्नी से एक बेटी है। उनके दो बेटे भी हैं। उन्होंने बच्चों की देखभाल, पढ़ाई और शादी की जिम्मेदारी का जिक्र किया और अपनी मृत्यु के बाद बच्चों व रिश्तेदारों को परेशान न करने की अपील की।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस घटना के बाद वायरल वीडियो और जमीन के नाम पर हुई कथित ठगी की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि 25 लाख रुपये किन लोगों को दिए गए थे और नासिक में जमीन दिलाने के नाम पर लेनदेन किस तरह हुआ था।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।