सिद्धार्थनगर में युवक को सीने में मारी गोली: बहन को बचाने पहुंचे भाई की हुई मौत, पांच साल से चल रहा विवाद
जगदीशपुर गांव में पांच साल पुराने जमीन विवाद ने रविवार सुबह खूनी रूप ले लिया। सड़क से विवादित जमीन तक रास्ता बनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बीच बहन के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर रामशंकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग उन्हें पकड़कर घर के भीतर खींच ले गए और लाइसेंसी सिंगल नली बंदूक से सीने में गोली मार दी। गोली लगने से रामशंकर की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बहन सरोज भी गोली लगने और मारपीट में गंभीर घायल हुई हैं।
जगदीशपुर निवासी रामशंकर और पड़ोसी अतुल दुबे के परिवार के बीच घर के बगल की जमीन को लेकर करीब पांच वर्ष से विवाद चल रहा था। परिवार का कहना है कि विवादित जमीन को लेकर न्यायालय से स्थगन आदेश भी मिला हुआ है। इसी बीच विवादित जमीन के एक तरफ नगरपालिका की ओर से सड़क निर्माण कराया जा रहा है। सड़क से जमीन तक आवागमन के लिए अतुल दुबे के परिवार की ओर से मजदूरों से जमीन पर ढलान बनवाया जा रहा था। रविवार सुबह इसी निर्माण को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। उस समय रामशंकर की बहन सरोज भी मौके पर मौजूद थीं।
बहन के साथ की मारपीट
रामशंकर के भतीजे रिक्की रस्तोगी के मुताबिक, सड़क निर्माण का विरोध करने पर सरोज के साथ मारपीट की गई। वहीं अतुल दुबे के परिजनों का आरोप है कि रामशंकर पक्ष के लोग उनके घर पर चढ़कर मारपीट करने पहुंचे थे। इसी विवाद के दौरान सरोज को बचाने के लिए रामशंकर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि अतुल दुबे उन्हें पकड़कर अपने घर के अंदर ले गए। इसके बाद परिवार के किसी व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से रामशंकर पर गोली चला दी।
सीने में गोली लगते ही मौके पर मौत
परिजनों का आरोप है कि घर के अंदर रामशंकर के सीने में सिंगल नली बंदूक से गोली मारी गई। गोली लगने के बाद उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि सरोज पर भी गोली चलाई गई, जो उनके सिर को छूकर निकल गई। मारपीट में घायल सरोज का माधव प्रसाद तिवारी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
हिरासत में तीन महिलाएं
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अतुल दुबे के परिवार की तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि रामशंकर मृत अवस्था में मिले थे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अतुल दुबे, महेंद्र पांडे, रितिक पांडे, शिवेंद्र सिंह, संजय पांडे की पत्नी, वंश गोपाल धर दुबे, इन्द्रासनी दुबे और अतुल दुबे की दोनों बहनों समेत नौ लोगों को आरोपी बनाया गया है।
गांव में पुलिस बल तैनात
हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए आरोपी के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि रामशंकर की गोली मारकर हत्या की गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











