सिद्धार्थनगर में दो युवकों ने महिला का झुमका खींचा: ओवरटेक कर रुकवाई बाइक, लोगों ने चौराहे पर दबोचा

सिद्धार्थनगर|

डुमरियागंज में बाइक सवार परिवार को रास्ते में रोककर महिला के कान से झुमका खींचने का मामला सामने आया है। बिना नंबर की स्कूटी से आए दो युवकों ने पहले बाइक को ओवरटेक किया और रास्ता रोक दिया। बाइक रुकते ही पीछे बैठे युवक ने महिला के कान पर झपट्टा मारकर झुमका खींच लिया। अचानक हुई वारदात में महिला का कान कट गया और खून बहने लगा। महिला के साथ मौजूद लोगों के शोर मचाने पर दोनों आरोपी स्कूटी से भागने लगे। संजय ने पीछा किया तो आसपास के लोग भी उनके पीछे दौड़ पड़े। धनौहारी चौराहे पर लोगों ने दोनों को स्कूटी समेत पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि झुमका रास्ते में फेंक दिया था। बाद में तलाश कर झुमका भी बरामद कर लिया गया।

घटना इटवा थाना क्षेत्र के हतियवा गांव निवासी संजय कुमार यादव के परिवार के साथ हुई। संजय को अपनी पत्नी सुनीता और साली विनिता के साथ बाइक से डुमरियागंज से ससुराल ग्राम महुआ जा रहे थे। बाइक संजय चला रहे थे। उनके बीच में पत्नी सुनीता और सबसे पीछे साली विनिता बैठी थीं। परिवार नेबुआ पावर हाउस के पास पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो युवकों ने बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।

झपट्टा मारकर खींच लिया झुमका

बाइक रुकते ही स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने विनिता के कान पर झपट्टा मारा और झुमका खींच लिया। वारदात इतनी अचानक हुई कि विनिता को संभलने का मौका नहीं मिला। झुमका खींचे जाने से उनका कान कट गया और खून निकलने लगा। दोनों आरोपी स्कूटी लेकर धनौहारी की ओर भागने लगे। संजय ने शोर मचाते हुए उनका पीछा शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़ पड़े।

चौराहे पर घेरकर दोनों को पकड़ा

लोगों ने पीछा करते हुए दोनों आरोपियों को धनौहारी चौराहे पर घेर लिया और स्कूटी समेत पकड़ लिया। सूचना के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि छीना गया झुमका उन्होंने रास्ते में फेंक दिया था। पुलिस ने तलाश कर महिला का झुमका बरामद कर लिया। डुमरियागंज थाने में दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।