सिद्धार्थनगर में नहर में गिरने से बची स्कूल बस: सड़क किनारे पलटी, कई छात्र हुए घायल
सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बच्चों को स्कूल ले जा रही निजी स्कूल की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा प्राथमिक विद्यालय रेहरा के पास करीब 7:30 बजे हुआ। बस में सवार कई छात्रों को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। राहत की बात रही कि बस नहर में गिरने से बच गई।
बस पलटते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। घायल छात्रों को उपचार के लिए ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, बस बच्चों को लेकर स्कूल की तरफ जा रही थी। रेहरा गांव के पास प्राथमिक विद्यालय के नजदीक पहुंचते ही चालक के नियंत्रण से बस बाहर हो गई और सड़क किनारे पलट गई।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
बस के पलटने से बच्चों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की तत्परता से बच्चों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया। बस नहर में गिर जाती तो हादसा और गंभीर हो सकता था। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।











