सिद्धार्थनगर में पुलिस ने आरोपी के घर चस्पा किया नोटिस: छह महीने जिले में प्रवेश पर रोक, मोहल्ले में मुनादी कराकर दी जानकारी
बांसी में जिला बदर आरोपी के खिलाफ पुलिस ने रविवार को कार्रवाई की। बांसी पुलिस उसके घर पहुंची, लेकिन वहां ताला लगा मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने जिलाधिकारी के आदेश की प्रति घर पर चस्पा कर दी। पुलिस ने यह कार्रवाई जिला बदर आदेश के अनुपालन और आरोपी की गतिविधियों की निगरानी के तहत की।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार अरबाज शाह को छह महीने के लिए सिद्धार्थनगर जिले की सीमा से बाहर रहने का निर्देश दिया गया है। इस अवधि में वह जिले में प्रवेश नहीं कर सकता और न ही यहां रह सकता है। पुलिस टीम ने मोहल्ले में मुनादी कराकर लोगों को भी आदेश की जानकारी दी।
तत्काल पुलिस को दें सूचना
पुलिस ने स्थानीय लोगों से कहा कि जिला बदर की अवधि में अरबाज शाह जिले में नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। आदेश का उल्लंघन मिलने पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










