सिद्धार्थनगर में दो दिन के नवजात की मौत: दुर्गा विसर्जन जुलूस में डीजे की तेज आवाज से सांस थमने की आशंका, पिता ने की पोस्टमार्टम कराने की मांग

सिद्धार्थनगर|

बढ़नी कस्बे में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे की तेज आवाज और कंपन के बीच एक दो दिन के नवजात बच्चे की मौत हो गई। इस दुःखद घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। बच्चे के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है और मौत की सही वजह जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।

मामला ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे के वार्ड नंबर नौ रामलीला मैदान के निवासी जावेद मनिहार की पत्नी सबरुन्निसा ने बीती 18 अक्टूबर को बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक बेटे को जन्म दिया था। अगले दिन मां और बच्चे दोनों को पूरी तरह स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। घर में बच्चे के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन यह खुशी 24 घंटे भी नहीं टिक सकी।

डीजे कॉम्पिटिशन के शोर में थमी सांसें

बच्चे के पिता जावेद के अनुसार, मंगलवार की देर रात करीब 11:30 बजे उनके घर के सामने से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस गुजर रहा था। जुलूस में शामिल कई डीजे गाड़ियों के बीच तेज आवाज में संगीत बजाने की प्रतिस्पर्धा चल रही थी, जिससे शोर और कंपन असहनीय हो गया था। परिजनों का दावा है कि तेज आवाज और भारी वाइब्रेशन के कारण उनके घर के बाहर लगा एक छज्जा तक नीचे गिर गया। इस भीषण शोर और धमक से दो दिन का मासूम घबराकर लगातार रोने लगा। परिजनों ने बताया कि बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ी, वह एक बार तेजी से रोया और फिर उसकी सांसें हमेशा के लिए थम गईं।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही रात करीब 2:15 बजे शोहरतगढ़ के क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने दुखी परिवार को सांत्वना दी और मामले में उचित व निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का पूरा भरोसा दिलाया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

बच्चे के पिता जावेद ने ढेबरुआ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, नियमों के पालन की मांग

इस घटना के बाद से बढ़नी कस्बे के स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि त्योहारों और विसर्जन के दौरान बजाए जाने वाले अनियंत्रित डीजे से बुजुर्गों, बीमारों और छोटे बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उच्च न्यायालय द्वारा तय किए गए ध्वनि प्रदूषण के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान न जाए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।