सिद्धार्थनगर में डीजे की तेज आवाज से नहीं हुई थी नवजात की मौत: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई पुष्टि, फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा विसरा

बढ़नी बाजार में दो दिन के नवजात शिशु की मौत के मामले में एक नया मोड़ आया है। सोशल मीडिया और इलाके में फैली उन अफवाहों पर विराम लग गया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि बच्चे की मौत दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बजे तेज डीजे की आवाज से हुई थी। पुलिस द्वारा जारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डीजे की तेज आवाज से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
ढेबरुआ थाना पुलिस के मुताबिक, डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में बच्चे के दोनों कान के पर्दे पूरी तरह सुरक्षित और सामान्य पाए गए हैं। इसके अलावा शरीर के भीतर किसी भी तरह की ब्लड क्लॉटिंग भी नहीं मिली है। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मौत डीजे के अत्यधिक शोर या तेज कंपन के झटके से होती, तो कान के पर्दों को नुकसान पहुंचता या ब्लड क्लॉटिंग देखने को मिलती, जो कि इस मामले में नहीं पाई गई।
डीजे के शोर से मौत की थी आशंका
यह घटना ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी बाजार की है। यहां रहने वाले जावेद मनिहार के घर दो दिन पहले ही एक नवजात का जन्म हुआ था। मंगलवार की रात रामलीला मैदान में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बज रहे थे। इसी दौरान अचानक बच्चे की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। घर की दूरी मैदान से महज 30 मीटर से कम होने के कारण परिजनों ने आशंका जताई थी कि डीजे के शोर से बच्चा सहम गया और उसकी जान चली गई।
विसरा रिपोर्ट से खुलेगा असली राज
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से डीजे की थ्योरी खारिज हो गई है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह अभी भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। ढेबरुआ थाना पुलिस ने मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए नवजात का विसरा सुरक्षित कर लिया है। इसे फोरेंसिक साइंस लैब भेजा जा रहा है। फोरेंसिक विशेषज्ञों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मासूम की मौत किस वजह से हुई थी।
पुलिस ने की जनता से अपील
मामले की गंभीरता को देखते हुए ढेबरुआ पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे इस संवेदनशील मामले में किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर बिना आधिकारिक पुष्टि के भ्रामक खबरें या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की पूरी निष्पक्षता के साथ वैज्ञानिक जांच कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

