सिद्धार्थनगर में लोहे की रॉड से पीटकर युवक की हत्या: परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप, दो घंटे तक जाम किया लोटन-महराजगंज मार्ग

मोहाना थाना क्षेत्र के बेलौहा गांव में एक युवक की लोहे की रॉड से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोटन चौराहे पर लोटन-महराजगंज मार्ग को करीब दो घंटे तक पूरी तरह जाम रखा। प्रदर्शनकारी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
मृतक की पहचान लोटन थाना क्षेत्र के खखरा गांव निवासी भोलू गौड़ उर्फ शिवा (23 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भोलू का बेलौहा गांव के ही एक युवक अभिलाष उपाध्याय के साथ करीब चार दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। भोलू किसी काम से बाइक लेकर बेलौहा गांव पहुंचा और वहां किसी से बात कर रहा था, तभी पुरानी रंजिश के चलते पीछे से उस पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल भोलू को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भोलू अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
अधिकारियों के समझाने पर खुला जाम
युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन लोटन चौराहे पर पुलिस बूथ के सामने एकत्र हो गए और शाम करीब चार बजे सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। ग्रामीण इस बात पर अड़े थे कि जब तक घटना में शामिल सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक वे शव को नहीं उठाने देंगे। स्थिति को बिगड़ता देख एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद और सीओ सदर विश्वजीत सौरयान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद शाम करीब छह बजे जाम समाप्त कराया जा सका। इसके बाद ही पुलिस शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
पुलिस की कार्रवाई और जांच तेज
मृतक की मां उर्मिला देवी की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अभिलाष उपाध्याय के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, गांव में किसी भी प्रकार के तनाव को रोकने के लिए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

