सिद्धार्थनगर में युवक की पीठ में घोंपा चाकू: डॉक्टरों ने बाहर निकाला, दशहरा मेले से लौट रहा था घर

शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अंतरी बाजार में नवडीहवा-बानगंगा नदी पुल के पास हुई घटना में आशीष निषाद उर्फ आसू साहनी की पीठ में चाकू घोंपा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
आशीष अपने ननिहाल बसहिया नीबर आया था। वह दोस्तों के साथ दशहरा मेला देखने शोहरतगढ़ गया था। लौटते समय नवडीहवा गांव निवासी अखिलेश यादव (20) ने कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। साथियों ने घायल आशीष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी पीठ में घुसा चाकू निकाला, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे गोरखपुर रेफर कर दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले दोनों युवकों के बीच विवाद हुआ था। आशीष के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अखिलेश यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

