सिद्धार्थनगर में बेकाबू ट्रेलर मकान में घुसा: एक छात्र और 13 पशुओं की मौत, दो ग्रामीण घायल

ढेबरुआ थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में बुधवार सुबह इटवा-बढ़नी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा और पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में घर के भीतर मौजूद 20 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार गाय और नौ भैंस समेत कुल 13 पशुओं ने भी दम तोड़ दिया। छह भैंसें घायल हुई हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।
मृतक की पहचान रामनगर निवासी सूरज यादव पुत्र राम प्रसाद यादव के रूप में हुई है। वह बरसाती इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था और छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर ढेबरुआ थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेलर के नीचे दबे लोगों तथा पशुओं को बाहर निकाला।
प्रशासन ने शुरू कराई जांच
हादसे में हरीराम पुत्र अवध बिहारी और राम आसरे यादव पुत्र भल्लू भी घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पशु चिकित्सा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









