कोहरे में मौत बनकर दौड़ा डंपर: ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, तीन मजदूरों की मौत, दो घायल

सीतापुर|
ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, तीन मजदूरों की मौत, दो घायल
सेव सूची

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में घने कोहरे के बीच मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के मुताबिक, हादसा अटरिया थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव के पास हुआ। मजदूर लखनऊ में काम करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंगलवार सुबह घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार डंपर चालक ने दूसरे वाहन से आगे निकलने की कोशिश की। इसी दौरान डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन मजदूरों की जान चली गई।

पुलिस ने डंपर को जब्त किया

सिधौली के पुलिस क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गोविंद (22), नीलू (25) और आकाश (18) के रूप में हुई है। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर चालक सुशील कुमार और विकास घायल हो गए। दोनों तरगांव के रहने वाले हैं।

घायलों को तत्काल सिधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है। हादसे के बाद पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

दो दिन पहले भी कोहरे ने ली थी तीन भाई-बहनों की जान

सीतापुर जिले में कोहरे के कारण लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। इससे पहले रविवार को तंबौर इलाके में भी भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। वहां एक मोटरसाइकिल को पिकअप वैन ने टक्कर मार दी थी। इसके बाद ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली मोटरसाइकिल सवारों के ऊपर से गुजर गई थी। इस हादसे में तीन भाई-बहनों की मौत हो गई थी।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।