हरियाणा में पति की हत्या कर पत्नी ने बोरी में भरी आंतें: शव से लीवर और किडनी गायब, मकान मालिक को देख छत से कूदी

सीतापुर|
शव से लीवर और किडनी गायब, मकान मालिक को देख छत से कूदी

कुरुक्षेत्र जिले में एक महिला पर अपने पति की हत्या कर उसके शरीर को क्षत-विक्षत करने का गंभीर आरोप लगा है। पिहोवा रोड इलाके में हुई वारदात में महिला ने कथित तौर पर धारदार हथियार से पति के सीने से प्राइवेट पार्ट तक करीब 37 सेंटीमीटर लंबा चीरा लगा दिया। इसके बाद पेट से बाहर निकली आंतों को प्लास्टिक की बोरी में भरकर रखने का आरोप है। इसी दौरान मकान मालिक मौके पर पहुंच गया। उसे देखकर महिला छत से नीचे कूद गई। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पोस्टमॉर्टम में मृतक के शरीर से करीब आधा लीवर और दाईं किडनी गायब मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब हत्या के साथ अंगों के गायब होने की भी पड़ताल कर रही है।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के धामपुर गांव निवासी राजेश के रूप में हुई है। वह करीब एक साल से कुरुक्षेत्र में पिहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास किराए के मकान में पत्नी विमला देवी के साथ रह रहा था। राजेश पीबी आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में वाटर सप्लाई का काम करता था। मकान मालिक रिंकू के अनुसार, कमरे से राजेश और विमला के चीखने-चिल्लाने की आवाज आई। छत पर पहुंचने पर राजेश खून से लथपथ पड़ा था। उसके पेट पर गहरा घाव था और आंतें बाहर निकली हुई थीं। आरोप है कि विमला इन्हें बोरी में डाल रही थी। रिंकू को देखते ही वह छत से कूद गई। पुलिस को मौके से छोटे-बड़े तीन चाकू भी मिले हैं।

पति-पत्नी में अक्सर होता था विवाद

मकान मालिक ने बताया कि विमला झाड़-फूंक भी करती थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। शादी को कई साल बीत चुके थे, लेकिन दंपती की कोई संतान नहीं थी। हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमॉर्टम में गायब मिली लीवर-किडनी

फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि शव की जांच के दौरान करीब 37 सेंटीमीटर लंबा और गहरा चीरा मिला। चीरे से आंतें बाहर निकली हुई थीं। उन्होंने बताया कि शव में करीब आधा लीवर और दाईं किडनी मौजूद नहीं थी। ये अंग कहां हैं, इसकी बरामदगी अब पुलिस जांच का हिस्सा है। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी सुरेंद्र संधू ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद राजेश का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी महिला फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। पुलिस हत्या की वजह के साथ शरीर से गायब अंगों के संबंध में भी तथ्य जुटा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।