गुजरात में पिकअप-डंपर की भीषण टक्कर: सीतापुर के छह मजदूरों की मौत, 26 घायल

गुजरात के कच्छ जिले में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार डंपर और मजदूरों से भरी पिकअप गाड़ी के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कुल सात लोगों की जान चली गई, जिनमें से छह मृतक उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के निवासी थे। गाड़ी में सवार अन्य 26 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, सीतापुर जिले के रहने वाले करीब 32 मजदूर रोजी-रोटी कमाने के लिए गुजरात गए थे। शुक्रवार को ये सभी मजदूर एक पिकअप गाड़ी में सवार होकर अपने काम पर जा रहे थे। इसी दौरान कच्छ इलाके में एक बेकाबू डंपर ने मजदूरों से भरी पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय विधायक ने CM को लिखा पत्र
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। सभी 26 घायल मजदूरों को इलाज के लिए गुजरात के अडानी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। इधर यूपी में घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। सीतापुर से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज की मांग की है।
गांवों में पसरा मातम
त्योहारों के ऐन पहले घर के कमाने वाले सदस्यों की मौत की खबर जैसे ही सीतापुर में उनके पैतृक गांवों में पहुंची, वैसे ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि वे गुजरात प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं ताकि शवों को जल्द से जल्द उनके गृह जनपद लाया जा सके।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

