आप सांसद संजय सिंह समेत सभी 12 आरोपी दोषमुक्त: सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए अदालत ने किया बरी, आचार संहिता और कोविड-19 गाइडलाइन के उल्लंघन का था मामला

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत से बड़ी कानूनी राहत मिली है। अदालत ने वर्ष 2021 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता और कोविड-19 गाइडलाइन के उल्लंघन से जुड़े मामले में मंगलवार को संजय सिंह समेत सभी जीवित 12 आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त करार दिया। फैसला सुनाए जाने के दौरान सांसद संजय सिंह स्वयं न्यायालय में उपस्थित रहे।
यह मामला 13 अप्रैल 2021 का है। आरोप था कि पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआकला थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी सलमा बेगम के समर्थन में बिना प्रशासनिक अनुमति के एक चुनावी जनसभा आयोजित की गई थी। इस घटना को लेकर तत्कालीन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव की तहरीर पर संजय सिंह समेत 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
सुनवाई और अदालत का फैसला
मुकदमे की सुनवाई के दौरान एक आरोपी की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद शेष 12 आरोपियों के खिलाफ विचारण जारी रहा। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से चार गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। बचाव पक्ष के अधिवक्ता मदन सिंह और अभियोजन पक्ष की अंतिम बहस पूरी होने के बाद विशेष अदालत ने मंगलवार शाम अपना फैसला सुनाया। न्यायालय ने पत्रावली पर उपलब्ध तथ्यों, तर्कों और साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद पर्याप्त प्रमाण न मिलने के आधार पर सभी आरोपियों को बरी करने का आदेश दिया।
संजय सिंह की प्रतिक्रिया
अदालत से बरी होने के बाद सांसद संजय सिंह ने इस फैसले पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले उन पर और उनके साथियों पर यह मुकदमा दर्ज किया गया था और लंबी कानूनी लड़ाई के बाद न्यायालय ने तथ्यों व प्रमाणों के आधार पर उन्हें बाइज्जत बरी किया है। उन्होंने इसके लिए न्यायालय और अपने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।