पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक की टक्कर से बस पलटी: 3 की मौत; 11 घायल, गुरुग्राम से बिहार जा रही थी बस

सुल्तानपुर|27 अगस्त 2026
3 की मौत; 11 घायल, गुरुग्राम से बिहार जा रही थी बस

सुलतानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह माइलस्टोन 96 के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। गुरुग्राम से बिहार जा रही सवारियों से भरी बस में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम प्रभात सिंह, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कई यात्री बस के भीतर फंस गए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय भेजा गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही।

तीन यात्रियों ने मौके पर तोड़ा दम

सीएचसी में चिकित्सकों ने तीन यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान श्याम लाल मंडल, विनोद मंडल पुत्र खुशन मंडल, निवासी जलदार कॉम्प्लेक्स, तेनपुरी झुंडसा, गुरुग्राम, हरियाणा और किरन देवी पत्नी माहेश्वरी मंडल, निवासी लक्ष्मीपुर, थाना कुमारखंड, जिला मधेपुरा, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल यात्रियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घायलों का चल रहा उपचार

हादसे के बाद पुलिस ने राहत और बचाव कार्य के साथ एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था भी संभाली। सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने हादसे में तीन यात्रियों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

सीएम योगी ने व्यक्त की संवेदना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।