सुल्तानपुर में सिंगर संजय यदुवंशी के घर पर पुलिस ने मारा छापा: भनक लगते ही मौके से फरार गायक, कई मामलों में दर्ज है एफआईआर
सुल्तानपुर में लोकप्रिय अवधी गायक और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संजय यदुवंशी के घर पर धम्मौर थाना पुलिस ने देर रात बड़ी दबिश दी। पुलिस टीम संजय यदुवंशी की गिरफ्तारी के लिए उनके पैतृक आवास उघरपुर पहुंची थी। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही गायक मौके से फरार हो गया, जिसके कारण पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, जब पुलिस टीम रात के समय संजय के घर पहुंची, तो मुख्य दरवाजा बंद था। आरोप है कि पुलिसकर्मी घर की चारदीवारी और दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इस दौरान घर पर मौजूद संजय के पिता सियाराम, भाई शिवा यादव और उनकी मां समेत अन्य परिजनों ने पुलिस की इस रवैये का कड़ा विरोध किया। आधी रात को हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच जमकर बहस हुई। परिजनों ने पुलिस पर बदसलूकी और बिना वारंट के घर में घुसने का आरोप लगाया है।
कई गंभीर मामलों में वांछित हैं संजय यदुवंशी
पुलिस प्रशासन के अनुसार, गायक संजय यदुवंशी के खिलाफ सुल्तानपुर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वो काफी समय से वांछित चल रहा हैं। उनके खिलाफ नगर कोतवाली, बंधुआ कला और धम्मौर थाने में मारपीट, जानलेवा हमला और विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। हाल ही में अमहट चौराहे पर एक युवक को झूठी सूचना देकर बुलाने और लाठी-डंडों व रॉड से बुरी तरह पीटने के आरोप में भी उस पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा, उन पर सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ बयानबाजी करने और तिरंगे के अपमान को लेकर भी शिकायतें दर्ज हैं।
सोशल मीडिया के जरिये पुलिस पर उठाएं सवाल
इस छापेमारी के बाद संजय यदुवंशी ने अपने ऑफिशियल फेसबुक पेज के जरिए पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पोस्ट शेयर कर पूछा कि आखिर मामला क्या है और पुलिस के पास उनकी गिरफ्तारी का वारंट कहां है? उन्होंने पुलिस पर घर के सदस्यों के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगाया।
पुलिस का जवाब
धम्मौर थाना प्रभारी विपेंद्र कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया है कि पुलिस ने पूरी तरह से कानूनी और विधिक तरीके से छापेमारी की है। उन्होंने परिजनों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि परिवार के लोगों ने कानून व्यवस्था का सहयोग करने के बजाय बेवजह पुलिस टीम से उलझने और काम में बाधा डालने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में लगातार विधिक कार्रवाई और दबिश जारी रहेगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

