सूबेदार मेजर का शव ले जा रही एंबुलेंस का एक्सीडेंट: हादसे में चार की मौत, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक में पीछे से घुसी
पंचकुला से सेना के सूबेदार मेजर का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। भीषण हादसे में जवान के इकलौते बेटे, भाई, रिश्ते के भतीजे और एंबुलेंस चालक की मौत हो गई। हादसा अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर के पास हलियापुर क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन पिचक गया। चालक का शव स्टेयरिंग में फंस गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को कटवाया और फंसे शवों को बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8.15 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 79.6 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ। एंबुलेंस में सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर रखा था। आगे की सीट पर बैठे उनके बेटे गौरव सिंह (18) और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे भाई राम समुझ (55) और रिश्ते के भतीजे राजन सिंह (35) गंभीर रूप से घायल हुए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को अयोध्या के सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
तीन दिन पहले हुआ था जवान का निधन
देवरिया के रुद्रपुर निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान मेरठ में तैनात थे। बीमारी के चलते चंडीगढ़ के कमांड अस्पताल में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। तीन दिन पहले पंचकुला में उनका निधन हो गया था। इसके बाद उनके भाई राम समुझ, रिश्ते के भतीजे राजन और इकलौते बेटे गौरव शव लेने पंचकुला पहुंचे थे। शनिवार शाम करीब चार बजे तीनों एंबुलेंस से पार्थिव शरीर लेकर देवरिया के लिए रवाना हुए। परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार से उनके पीछे चल रहे थे।
नींद की झपकी को हादसे की वजह मान रही पुलिस
जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा। पुलिस की शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर सम्मान के साथ हलियापुर थाने में सुरक्षित रखा गया है।
डायल-112 के जरिए हादसे की मिली थी सूचना
सुल्तानपुर के डीएम इंद्रजीत सिंह ने बताया कि हादसे में चालक समेत परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है। प्रशासन की ओर से राहत कार्य कराया जा रहा है। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि डायल-112 के जरिए हादसे की सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस मौके पर मौजूद है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

