पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर ट्रक में घुसी कार: 4 टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत, गेट तोड़कर घायलों को निकाला बाहर

क्रिकेट खेलने का जुनून चार युवा खिलाड़ियों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। लखनऊ में मैच खेलने के बाद देवरिया लौट रहे चार टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों की बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुल्तानपुर के पास कार हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खिलाड़ी दो दिनों में 1000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक वाहन चला चुके थे। लगातार सफर के बाद झपकी आने को हादसे की वजह माना जा रहा है। दुर्घटना में चार खिलाड़ियों की मौत हुई है, जबकि उनके साथ मौजूद कुछ अन्य खिलाड़ी घायल बताए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही देवरिया के बगहा, बलिया दक्षिण और चुरिया समेत संबंधित गांवों में मातम छा गया। परिजन अयोध्या के लिए रवाना हो गए।
मृतकों की पहचान मईल थाना क्षेत्र के बगहा गांव निवासी नित्या प्रजापति (25), बलिया दक्षिण गांव निवासी इरफान अंसारी उर्फ राज (22), लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव निवासी अनिकेत सिंह (23) और कोहरा गांव निवासी आनंद यादव (25) के रूप में हुई है। चारों टेनिस बॉल क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी थे। वे देवरिया के अलावा यूपी और बिहार के अलग-अलग जिलों में होने वाली प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते थे। साथी खिलाड़ियों के अनुसार नित्या और अनिकेत अच्छे ऑलराउंडर थे। इरफान ने हाल में क्रिकेट खेलना शुरू किया था और वह भी टीम के साथ प्रतियोगिताओं में जाने लगा था।
सोमवार रात लखनऊ के लिए निकली थी टीम
साथी खिलाड़ियों के मुताबिक देवरिया के अलग-अलग गांवों के करीब 11 खिलाड़ी सोमवार रात लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। वहां टीम ने बीकेजी क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। मंगलवार को मैच खेलने के बाद खिलाड़ियों ने रात में भोजन किया और इसके बाद वाहनों से देवरिया लौटने लगे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुल्तानपुर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि खिलाड़ी लगातार लंबी दूरी तय कर रहे थे और इसी दौरान झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हुआ। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवारों में मचा कोहराम
हादसे की खबर पहुंचते ही बगहा, बलिया दक्षिण और चुरिया गांव में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। नित्या के परिवार में पिता मनोज प्रजापति और एक भाई हैं। इरफान के पिता इफ्तिखार अहमद हैं और उसके तीन भाई बताए गए हैं। अनिकेत के पिता शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। परिवार में उसकी मां रंभा देवी, छोटा भाई अंकित और बहनें रिया व रिशु हैं। चार युवाओं की मौत से साथी खिलाड़ी भी सदमे में हैं।
क्रिकेट ने दिलाई थी अलग पहचान
जिले के तीनों खिलाड़ियों ने टेनिस बॉल क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई थी। स्थानीय प्रतियोगिताओं के साथ दूसरे जिलों में होने वाले टूर्नामेंटों में भी वे लगातार हिस्सा लेते थे। बेहतर प्रदर्शन के कारण अलग-अलग टीमें उन्हें अपनी ओर से खेलने के लिए बुलाती थीं। टूर्नामेंटों में खेलने के बदले उन्हें अच्छी-खासी रकम भी मिलती थी। साथी खिलाड़ियों के अनुसार क्रिकेट के प्रति उनका जुनून ऐसा था कि मौका मिलते ही वे प्रतियोगिता खेलने निकल जाते थे। इसी जुनून और प्रतिभा ने उन्हें जिले के अच्छे टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों में पहचान दिलाई थी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।