वाराणसी में त्योहार पर घर लौटने वालों को झटका: दो से तीन गुना बढ़ा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का किराया, अहमदाबाद और शारजाह से आने वाले विमानों में सीटें फुल

त्योहार के सीजन में घर लौटने वाले यात्रियों को एक तगड़ा झटका लगा है। दीपावली, छठ पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का किराया दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। अहमदाबाद और शारजाह से आने वाले विमानों में सीटें फुल हैं। यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट का सहारा लेना पड़ेगा जिससे उन्हें ज्यादा किराया देना पड़ेगा। एयरलाइंस कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों का दबाव और बढ़ेगा तो किराये में भी इजाफा हो जाएगा।
बड़े शहरों में रहकर नौकरी करने वाले लोग त्योहारों पर घर जाते हैं। ट्रेनों में पहले से लंबी वेटिंग लिस्ट है तो कई गाड़ियों में रिग्रेट (नो रूम) की स्थिति बन गई है। हालांकि दिल्ली, आगरा समेत बिहार और झारखंड के कई शहरों के लिए लग्जरी बसें भी चलती हैं, लेकिन यात्रियों की संख्या के हिसाब से ये नाकाफी हैं।
सामान्य दिनों में किराया
बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इस समय विजयवाड़ा, कोलकाता, दिल्ली, मुंबई, नवी मुंबई, गाजियाबाद, अहमदाबाद, चेन्नई,बेंगलुरु समेत अन्य शहरों के लिए विमान संचालित हो रहे हैं। गौर करें तो सामान्य दिनों में दिल्ली से आने के लिए हवाई किराया 4 से 5 हजार रुपये, मुंबई से 5 से 6 हजार रुपये, अहमदाबाद का 7 से 8 हजार रुपये, चेन्नई का 8 से 9 हजार रुपये और बेंगलुरु का 9 से 10 हजार होता है।
यात्रियों को खर्च करने पड़ेंगे 20 से 35 हजार रुपये
चेन्नई से वाराणसी आने वाले विमान की 5 नवम्बर को सीटें फुल हैं। यात्रियों को 20 से 35 हजार खर्च कर कनेक्टिंग विमान का सहारा लेना पड़ेगा। अहमदाबाद से वाराणसी के विमानों में भी सीटें नहीं हैं। यहां से भी वापसी के लिए 21 से 28 हजार रुपये खर्चने होंगे। शारजाह से आने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में भी यही स्थित है। इस अंतरराष्ट्रीय सफर के लिए कनेक्टिंग विमान से आने पर 22 से 24 हजार रुपये देने होंगे। शारजाह से दिल्ली पहुंचकर वाराणसी आ सकेंगे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

