वाराणसी में अखिलेश यादव ने किया बड़ा ऐलान: बोले-सरकार बनने पर काशी को देंगे मेट्रो रेल की सौगात, भाजपा पर ऐसे कसा तंज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने वाराणसी दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बनारस को मेट्रो रेल की सौगात दी जाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "भाजपा जाएगी, तभी बनारस मुस्कुराएगा और युवा भी मुस्कुराएंगे।"
अखिलेश यादव ने काशी के विकास और स्थानीय समस्याओं को लेकर मौजूदा सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बनारस को 'क्योटो' बनाने का जो वादा किया था, वह पूरी तरह खोखला साबित हुआ। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर सरकार काशी को क्योटो नहीं बना पाई, तो कम से कम उसकी एक तस्वीर ही लगा देती। इसके साथ ही उन्होंने शहर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था, लगातार लगने वाले जाम और चारों तरफ फैली गंदगी को लेकर भी तीखी आलोचना की।
सपा सरकार में दौड़ेगी मेट्रो
वाराणसी के लोगों को आश्वस्त करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र होने के बावजूद यहां की जनता बुनियादी सुविधाओं और सही विकास के लिए तरस रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार वाराणसी में मेट्रो परियोजना को जानबूझकर आगे नहीं बढ़ने दे रही है और 'वाटर मेट्रो' जैसी चीजों से लोगों का ध्यान भटका रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में सपा की सरकार आते ही बनारस में मेट्रो का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन न करने पर दी सफाई
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए न जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने घर पर ही बाबा विश्वनाथ और बाबा केदारेश्वर का मंदिर बनवाया है, जहां वह रोज पूजा-अर्चना करने के बाद ही बाहर निकलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास बाबा का दोहरा आशीर्वाद है। इसके अलावा उन्होंने किसानों की समस्याओं, बढ़ती बेरोजगारी, रोपवे और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम जैसे मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार के दावों और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उत्तर प्रदेश की राजनीति और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से अखिलेश यादव के इस 'मेट्रो कार्ड' वाले बयान को बेहद अहम माना जा रहा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

