वाराणसी में बदमाशों ने युवक को मारी गोली: इलाज के दौरान मौत, घर के बाहर टहल रहा था युवक

रोहनिया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक घर के बाहर टहल रहा था, तभी दो हमलावर मोटरसाइकिल से पहुंचे और उस पर पीछे से गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक वारदात अखरी क्षेत्र स्थित सौरव विहार कॉलोनी में हुई। जितेंद्र रात में भोजन करने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और पीछे से गोली मारकर फरार हो गए। गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
ट्रामा सेंटर में चला इलाज, सुबह तोड़ा दम
सूचना मिलने पर रोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने पूरी रात उसका इलाज किया। लेकिन गंभीर चोटों के कारण मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक ने इलाज के दौरान होश में रहते हुए बताया था कि बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे गोली मारी थी। इसी बयान को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर ली जा रही है और केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।





