गंगा के घाटों पर दीपों का सागर: 11 लाख दीयों से जगमगाई काशी, 2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी शिव की महिमा

वाराणसी|
11 लाख दीयों से जगमगाई काशी, 2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी शिव की महिमा
सेव सूची

देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी मंगलवार को देव दीपावली के उल्लास में डूबी है। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों को लाखों दीपों से सजाया गया है। शाम ढलते ही गंगा की लहरों पर टिमटिमाते दीपों का नजारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस बार पारंपरिक दीपोत्सव के साथ आधुनिक तकनीक का संगम भी देखने को मिलेगा। आसमान में 2,100 स्वदेशी ड्रोन भगवान शिव, मां गंगा और काशी की आध्यात्मिक पहचान से जुड़ी आकृतियां बनाएंगे। लेजर शो, थ्री-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और हरित आतिशबाजी उत्सव की भव्यता बढ़ाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारी की है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की मौजूदगी प्रस्तावित है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी आयोजन में शामिल होंगे। प्रशासन का अनुमान है कि इस बार देश-विदेश से करीब 15 लाख श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंच सकते हैं।

84 घाटों पर दीपों की कतार, गंगा पार भी रोशनी

इस वर्ष सरकारी स्तर पर 11 लाख से अधिक दीप जलाने की व्यवस्था की गई है। इनमें 10 लाख मिट्टी के दीये और एक लाख गोबर से बने दीप शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न समितियों और काशीवासियों की भागीदारी से कुल दीपों की संख्या 21 लाख से अधिक पहुंचने का अनुमान है। गंगा के 84 घाटों के साथ नदी के दूसरी ओर रेतीले क्षेत्र और शहर के कुंडों-तालाबों को भी रोशनी से सजाया गया है।

दीप प्रज्वलन का मुख्य कार्यक्रम शाम 5:15 से 5:45 बजे के बीच निर्धारित है। इसके बाद शाम छह से सात बजे तक 51 घाटों पर गंगा आरती होगी। दशाश्वमेध घाट की भव्य आरती इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। घाटों पर दीपदान के लिए समितियों को जिम्मेदारी दी गई है।

2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगा शिव तांडव

इस बार देव दीपावली में तकनीक का विशेष आकर्षण देखने को मिलेगा। रात आठ बजे चेत सिंह घाट के सामने गंगा पार रेती पर 2,100 स्वदेशी ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे। इनके जरिए आसमान में काशी विश्वनाथ मंदिर, भगवान शिव, मां गंगा और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी आकृतियां उकेरी जाएंगी। शिव तांडव की संगीतमय प्रस्तुति भी इस शो का हिस्सा होगी।

इससे पहले शाम 7:20 से 7:45 बजे तक चेत सिंह घाट पर थ्री-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित किया जाएगा। इसमें काशी, भगवान शिव और मां गंगा से जुड़ी गाथाओं को प्रकाश और ध्वनि के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। रात 8:30 से 8:40 बजे तक ललिता घाट के सामने गंगा पार हरित हवाई आतिशबाजी की जाएगी।

सुरक्षा के लिए 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के मुताबिक, आयोजन में 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ 25 से ज्यादा आईपीएस और 50 से अधिक पीपीएस अधिकारी तैनात किए गए हैं। पीएसी, सीआरपीएफ, क्विक रिस्पांस टीम और जल पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी।

घाटों और आसपास के इलाकों में निगरानी के लिए 25 वॉच टावर बनाए गए हैं। चार टेदर ड्रोन से लगातार निगरानी होगी। अनधिकृत ड्रोन गतिविधियों को रोकने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम भी लगाया गया है। घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।