काशी के आसमान में आज से गरजेंगे राफेल-सुखोई: नमो घाट पर उमड़ा जनसैलाब, पहली बार गंगा के ऊपर वायुसेना का शौर्य
काशी में गंगा के ऊपर आसमान में बृहस्पतिवार को पहली बार भारतीय वायुसेना अपने शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन करेगी। सुबह से ही नमो घाट पर दर्शक पहुंचने लगे थे। एयर शो को लेकर वाराणसी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12:45 बजे पुलिस लाइन पहुंचेंगे और वहां से सीधे नमो घाट पर एयर शो में शामिल होंगे। मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया है।
100 विमान भरेंगे उड़ान
एयर शो में देश के 12 एयरबेस से 100 लड़ाकू विमान उड़ान भरेंगे। इसमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलिकॉप्टर और एक विंटेज विमान शामिल है। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, तेजस, मिग-29 और जगुआर जैसे लड़ाकू विमान अपनी रफ्तार और युद्धक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। खास बात यह है कि आईएल-78 पहली बार किसी एयर शो में शामिल होगा। बोइंग सी-17 ग्लोबमास्टर थ्री सूर्य किरण के 9 विमानों के साथ फॉर्मेशन करेगा। भारतीय वायुसेना के गरुड़ विशेष बल भी इस प्रदर्शन का हिस्सा होंगे। इसके अलावा थल सेना और नौसेना के दो एएलएच हेलिकॉप्टर और पी-8आई भी संयुक्त सैन्य क्षमता दिखाएंगे।
काशी-गंगा के नाम पर फॉर्मेशन
इस एयर शो को और खास बनाने के लिए हर फॉर्मेशन को काशी और गंगा की पहचान से जुड़े नाम दिए गए हैं। काशी, वरुणा, केदार, हनुमान, ओमकार, रुद्र, भागीरथी, त्रिदेव, अलकनंदा, भैरव, कैलाश, त्रिलोचन, नटराज, महादेव, विश्वनाथ, पशुपति, नीलकंठ, प्रचंड और दशअश्वमेध जैसे नामों से फॉर्मेशन बनाए जाएंगे।हेलिकॉप्टर बेड़े में एलसीएच प्रचंड, चिनूक, एएलएच मार्क थ्री, एएलएच मार्क 4, अपाचे, चेतक, कामोव-31 और एमआई-17 वी5 शामिल होंगे।
तीन दिन के लिए ट्रैफिक प्लान जारी
एयर शो को देखते हुए 22, 24 और 25 अक्टूबर को शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मालवाहक वाहन, रोडवेज और प्राइवेट बसों का संचालन शहर के अंदर नहीं होगा, सभी वाहनों को रिंग रोड से गुजारा जाएगा। पड़ाव से नमो घाट के बीच राजघाट पुल पर पैदल आवाजाही भी बंद रहेगी। सुरक्षा के चलते सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक गंगा में नावों का संचालन बंद रहेगा। केवल 12 नावों को बोट एंबुलेंस के रूप में और कुछ नावों को अतिथियों को नमो घाट तक ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

