काशी से दिल्ली तक स्लीपर वंदे भारत का सफर: 31 अक्टूबर को हो सकता है शुभारंभ, सीएम योगी और रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और नई दिल्ली के बीच जल्द ही देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन दौड़ने वाली है। इसका रूट और शेड्यूल तय हो गया है। 31 अक्टूबर को वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीएम योगी आदित्यनाथ इसे हरी झंडी दिखा सकते हैं।
देश की पहली वंदे भारत की तरह दूसरी स्लीपर वंदे भारत की शुरुआत भी काशी से ही होने जा रही है। फिलहाल देश में इकलौती स्लीपर वंदे भारत जम्मू से श्रीनगर के बीच चल रही है। वाराणसी-नई दिल्ली के बीच पहले से ही दो वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। नई स्लीपर वंदे भारत का ठहराव प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल पर होगा। दोनों स्टेशनों पर स्वागत की तैयारी चल रही है। प्रस्तावित शेड्यूल के अनुसार नियमित संचालन के बाद यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी, शनिवार को नहीं। वाराणसी से यह रात 8:50 बजे रवाना होकर रात 10:35 बजे प्रयागराज और अगले दिन सुबह 5:55 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से रात 9:40 बजे चलकर सुबह 4:45 बजे प्रयागराज और 6:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी। नियमित संचालन की तारीख को लेकर रेलवे की अधिसूचना का इंतजार है।
16 कोच, 823 यात्रियों की क्षमता
इस ट्रेन में 16 कोच होंगे। 3AC के 11 कोच (611 यात्री), 2AC के 4 कोच (188 यात्री) और फर्स्ट AC का 1 कोच (24 यात्री) होगा। रात में सफर के लिए डिजाइन की गई इस प्रीमियम ट्रेन में अतिरिक्त कुशनिंग वाले बर्थ, सेंसर वाले ऑटोमैटिक दरवाजे, चौड़े शीशे, बायो-टॉयलेट, टच-फ्री नल और फर्स्ट AC में गर्म पानी के शॉवर जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं। शोर कम करने के लिए विशेष डिजाइन की गई है, ताकि लंबी दूरी की यात्रा आरामदायक हो।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

