वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर फायरिंग: सड़क पर लगी गोली, तीन लोग हुए घायल

वाराणसी|2 घंटे पहले
सड़क पर लगी गोली, तीन लोग हुए घायल

काशी विश्वनाथ मंदिर के वीआईपी गेट संख्या-4 के बाहर शनिवार सुबह ड्यूटी के दौरान पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक फायरिंग हो गई। सुबह करीब साढ़े सात बजे हुए इस हादसे में दो राउंड गोलियां चल गईं। राहत की बात यह रही कि गोलियां किसी व्यक्ति को नहीं लगीं, बल्कि सड़क पर जा धंसीं। हालांकि गोलियों के प्रभाव से सड़क की गिट्टियां उखड़कर पास खड़े तीन लोगों को लगीं, जिससे वे घायल हो गए। अचानक हुई फायरिंग से मंदिर परिसर के बाहर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसे सुरक्षा बलों ने तत्काल नियंत्रित कर लिया।

जानकारी के अनुसार फायरिंग इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोगों को पहले समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ है। गोलियों की आवाज सुनते ही श्रद्धालुओं और आसपास मौजूद लोगों में हलचल मच गई। सुरक्षाकर्मी तुरंत सक्रिय हुए और लोगों को बताया कि यह दुर्घटनावश हुई फायरिंग है। हादसे में मंदिर के बाहर माला-फूल बेचने वाले निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि तीनों को गोलियां नहीं लगीं, बल्कि सड़क से उछले पत्थरों के टुकड़ों से चोट आई है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

दुर्घटनावश फायरिंग की आशंका

प्राथमिक जानकारी के अनुसार जवान के हाथ से कार्बाइन गिरने के कारण दो राउंड फायर हो गए। गोलियां सड़क पर लगने से वहां छोटा गड्ढा बन गया और तेज गति से उछली गिट्टियां आसपास खड़े लोगों को जा लगीं। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी शिव हरि मीणा कबीरचौरा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि नंदू फेरी वाली गली के पास पीएसी जवान श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित कर रहा था, तभी कार्बाइन से दुर्घटनावश फायर हो गया। पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराई जा रही है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और फायरिंग के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।