वाराणसी में गंगा के ऊपर राफेल-तेजस की गगनभेदी गर्जना: क्रूज पर उतरे कमांडो; 100 विमानों ने किया एयर शो का रिहर्सल

वाराणसी|
क्रूज पर उतरे कमांडो; 100 विमानों ने किया एयर शो का रिहर्सल

शहर के नमो घाट पर बुधवार को भारतीय वायुसेना के एयर शो का ग्रैंड रिहर्सल हुआ। गंगा में चल रहे क्रूज पर हेलिकॉप्टर से कमांडो उतरे और कुछ ही पलों में मोर्चा संभाल लिया। मिशन पूरा करने के बाद कमांडो रस्सी के सहारे दोबारा हेलिकॉप्टर में सवार हो गए। इस प्रदर्शन ने घाट पर मौजूद लोगों को रोमांचित कर दिया। एयर शो की शुरुआत सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के प्रदर्शन से हुई। इसके बाद राफेल, सुखोई समेत लड़ाकू विमानों ने गंगा के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ान भरकर अपनी ताकत दिखाई। विमानों की गर्जना से नमो घाट गूंज उठा।

रिहर्सल में कुल 100 विमानों ने हिस्सा लिया। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान और 32 हेलिकॉप्टर शामिल रहे। विंटेज विमान सारनाथ भी प्रदर्शन का हिस्सा बना। ये विमान देश के 12 एयरपोर्ट से उड़ान भरकर वाराणसी पहुंचे। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर और स्वदेशी एलसीए तेजस ने अपनी क्षमता दिखाई। परिवहन विमानों में सी-17 ग्लोबमास्टर, सी-130 और सी-295 शामिल रहे। वहीं, अपाचे, चिनूक, एलसीएच, एएलएच और एमआई-17 वी5 हेलिकॉप्टरों ने भी दमखम दिखाया। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलिकॉप्टर प्रदर्शन टीम ने अपने करतबों से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

‘दशाश्व’ और ‘अस्सी’ फॉर्मेशन ने बांधा समां

एयर शो में सी-17 ग्लोबमास्टर ने नौ सूर्यकिरण हॉक विमानों का नेतृत्व करते हुए मुख्य मंच के ऊपर से ‘दशाश्व’ फॉर्मेशन में फ्लाईपास्ट किया। स्वदेशी तेजस ने ‘अस्सी’ कॉलसाइन के साथ गंगा के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ान भरकर अपनी क्षमता दिखाई। वहीं, प्रचंड फॉर्मेशन में सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, जगुआर, मिराज-2000, एलसीए और मिग-29 समेत छह लड़ाकू विमानों ने एरोहेड यानी तीर के अग्रभाग जैसी आकृति में उड़ान भरी। बीएई हॉक एमके.132 की उड़ान पर भी दर्शकों ने तालियां बजाईं।

तीन दिन होगा एयर शो

भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित होगा। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी पहुंचने का कार्यक्रम है। सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है और दर्शकों को तीन स्तर की जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सेना के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सामने आई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।