वाराणसी में एयर शो का कल होगा समापन: मुख्य अतिथि पीएम मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री होंगे शामिल, पुलिस लाइन से नमो घाट जाने वाला रास्ता बंद

वाराणसी में 'विंग्स ऑफ गंगेज' थीम पर आयोजित हो रहे तीन दिवसीय भव्य एयर शो का 25 अक्टूबर को समापन होने जा रहा है, जिसके मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। इस ऐतिहासिक समापन समारोह में हिस्सा लेने के लिए पीएम मोदी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वाराणसी पहुंच रहे हैं।
वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा के मद्देनजर वाराणसी में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) ने मुख्य कार्यक्रम स्थल 'नमो घाट' पर अपना डेरा डाल दिया है। साथ ही सुरक्षा कारणों से शनिवार सुबह 10:15 बजे से पुलिस लाइन से नमो घाट जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया हैं। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

वीआईपी मेहमानों का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
रक्षा मंत्री शनिवार शाम करीब 5 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वह श्री संकटमोचन मंदिर और श्री कालभैरव के दर्शन-पूजन करेंगे और रात्रि विश्राम के बाद रविवार दोपहर 12 बजे नमो घाट पर होने वाले एयर शो में शामिल होंगे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम 5:30 बजे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय ग्राउंड पर पहुंचेंगे और वहां से सीधे सर्किट हाउस जाएंगे। वह भी रविवार को मुख्य कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार दोपहर 12:45 बजे मुख्य अतिथि के रूप में नमो घाट पहुंचेंगे, जहां से वह वायुसेना के इस अद्भुत पराक्रम को लाइव देखेंगे। समारोह में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत केंद्र व राज्य सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे।
इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध
प्रधानमंत्री और अन्य गणमान्य नेताओं के आगमन को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने कड़ा ट्रैफिक प्लान लागू किया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत राजघाट गंगा पुल पर वाहनों के साथ-साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुल पर किसी को भी रुकने की इजाजत नहीं होगी। इस पुल से केवल दोपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों को जाने की अनुमति दी गई है। चारपहिया और भारी वाहनों का प्रवेश यहां पूरी तरह वर्जित रहेगा। वहीं वैकल्पिक मार्ग के तौर पर रिंग रोड पुल और विश्वसुंदरी गंगा पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

