वाराणसी एयर शो: आज भी चार घंटे हवाई सेवाएं रहेंगी प्रभावित, कई उड़ानों को किया गया रीशेड्यूल

काशी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना (IAF) के भव्य एयर शो के मद्देनजर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज भी हवाई सेवाएं प्रभावित रहेंगी। एयर शो के अंतिम दिन सुरक्षा और हवाई यातायात व्यवस्था के चलते सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक विमानों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान रनवे से न तो कोई विमान उड़ान भर सकेगा और न ही किसी फ्लाइट की लैंडिंग होगी।
एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से 21 से 25 अक्टूबर तक जारी 'नोटिस टू एयरमिशन' के चलते नियमित यात्री विमानों के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। पिछले कुछ दिनों की तरह आज भी दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों की कई उड़ानों को रीशेड्यूल किया गया है, जबकि कुछ विमानों को निरस्त भी करना पड़ा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइंस से फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर चेक कर लें।
यात्रियों को करनी पड़ी लंबी प्रतीक्षा
एयर शो के तय समय के दौरान हवाई पट्टी पूरी तरह ब्लॉक होने की वजह से कई विमानों के प्रस्थान में 3 से 4 घंटे तक की देरी देखी जा रही है। एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से हरी झंडी मिलने के बाद दोपहर 3:00 बजे के बाद ही रोकी गई उड़ानों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जा सकेगा।
सुरक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट के कड़े इंतजाम
आज एयर शो के मुख्य और अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की भी संभावना है जिसे देखते हुए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में सख्त सुरक्षा और ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। नमो घाट के आस-पास ड्रोन, पतंग और गुब्बारे उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके अलावा, दोपहर में एयर शो के दौरान मालवीय पुल (राजघाट पुल) से गुजरने वाली ट्रेनों को भी काशी स्टेशन से बिना रुके सीधे निकालने और सुरक्षा के लिए हर कोच में आरपीएफ जवानों को तैनात करने की विशेष व्यवस्था की गई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

