वाराणसी में दर्दनाक हादसा: दीवार गिरने से तालाब में समाया परिवार, दो मासूम बहनों की मौत

वाराणसी|
सेव सूची

वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव गांव में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम सगी बहनों की जान चली गई। तालाब किनारे बने मकान की दीवार अचानक ढह गई। हादसे के समय परिवार के लोग घर के बाहर टीनशेड के नीचे सो रहे थे। दीवार गिरने के साथ ही तालाब का पानी घर में घुस गया और पूरा परिवार मलबे व पानी की चपेट में आ गया। माता-पिता और दो बच्चे किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन दो मासूम बच्चियां पानी में फंस गईं।

जानकारी के मुताबिक, बच्छाव गांव के पश्चिमपुरा निवासी अय्युदीन उर्फ कल्लू अपने परिवार के साथ तालाब किनारे बने मकान में रहते हैं। मंगलवार रात करीब 12:30 बजे वह अपनी पत्नी तबस्सुम और चार बच्चों के साथ मकान के बाहर बने टीनशेड के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान तालाब की ओर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से परिवार के लोग तालाब के पानी और मलबे में जा गिरे।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। अय्युदीन, उनकी पत्नी तबस्सुम और दो बच्चे किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि आफिया और फलक पानी में फंस गईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चियों की तलाश शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। बाद में रेस्क्यू टीम को बुलाकर तलाशी अभियान चलाया गया।

करीब सात घंटे बाद मिली दोनों बच्चों की लाश

रात में अंधेरा और तालाब में अधिक पानी होने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। पुलिस और ग्रामीणों की कोशिशों के बाद भी बच्चियों का पता नहीं चल सका। सुबह करीब 7:30 बजे रेस्क्यू टीम ने आफिया और फलक को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। दोनों बच्चियों की उम्र करीब चार और सात वर्ष बताई गई है।

दोनों बेटियों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां तबस्सुम का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। परिजन और आसपास की महिलाएं उन्हें संभालने की कोशिश कर रही हैं।

ब​च्चियों के दादा ने बताया पूरा वाक्या?

बच्चियों के दादा सिराजुद्दीन ने बताया कि रात में परिवार के सभी लोग सो रहे थे। वह खुद मकान के बाहर सोए थे, जबकि बेटा-बहू और बच्चे घर के पास थे। अचानक दीवार गिरने की आवाज से उनकी नींद खुली। उन्होंने देखा कि बेटा और बहू चिल्ला रहे थे कि बच्चे डूब गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल तालाब में छलांग लगाकर बच्चियों की तलाश की। कुछ ही देर में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और खोजबीन में जुट गए, लेकिन रात में बच्चियों का पता नहीं चल सका।

दादा के मुताबिक, परिवार में अब दो बच्चे सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि मकान वर्ष 2010 में बनवाया गया था और उनके पास जमीन की रजिस्ट्री भी है।

चार कमरों के मकान में रहता है संयुक्त परिवार

बताया गया कि सिराजुद्दीन के तीन बेटे हैं। सबसे बड़े बेटे अय्युदीन उर्फ कल्लू की शादी हो चुकी है। वह अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ मकान के एक कमरे में रहते थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाकी तीन कमरों में रहते हैं। मकान तालाब के किनारे बना हुआ है और उसके सामने टीनशेड भी लगा है।

रोहनिया के एसीपी अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि दीवार गिरने से दो बच्चियों की मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया गया। दोनों बच्चियों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।