बंगाल में दुष्कर्म और हत्या के दोषी की सजा बरकरार: आरोपी ने दोषसिद्धि और सजा के लिए दायर की थी याचिका, उच्च न्यायालय ने सुनाई थी मौत की सजा

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में 2024 में पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या के दोषी अशोक सिंह को सुनाई गई मौत की सजा मंगलवार को बरकरार रखी। हुगली जिले की यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के तहत गठित विशेष अदालत ने 17 जनवरी 2025 को अशोक सिंह को दोषी ठहराते हुए मृत्युदंड दिया था। अशोक सिंह ने अपनी दोषसिद्धि और सजा को उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। वहीं, राज्य सरकार ने मृत्युदंड की अनिवार्य पुष्टि के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी।
न्यायमूर्ति अरिजीत बनर्जी और न्यायमूर्ति अपूर्व सिन्हा रॉय की खंडपीठ ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अशोक सिंह की दोषसिद्धि और मृत्युदंड को बरकरार रखने का फैसला सुनाया। राज्य सरकार की ओर से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक जयंत नारायण चटर्जी के अनुसार, बच्ची 24 नवंबर 2024 को लापता हो गई थी।
लकड़ियों के ढेर के नीचे मिला बच्ची का शव
परिजनों और पड़ोसियों ने उसकी काफी तलाश की। बाद में बच्ची का लहूलुहान शव अशोक सिंह के घर में मिला जिसे लकड़ियों के ढेर के नीचे छुपाया गया था। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच पूरी होने पर उसके खिलाफ पॉक्सो अदालत में मुकदमा चलाया गया, जहां अशोक सिंह को बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या का दोषी पाया गया।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।