बंगाल में नैफ्था पाइपलाइन में भीषण आग: 15 कर्मचारी झुलसे, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं

कोलकाता|

पश्चिम बंगाल की हल्दिया रिफाइनरी में मंगलवार तड़के नैफ्था पाइपलाइन में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कम से कम 15 कर्मचारी झुलस गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आग पर काबू पाने के लिए दमकल की टीमें लगातार प्रयास में जुटी हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हल्दिया रिफाइनरी की नैफ्था ले जाने वाली पाइपलाइन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। हादसे में झुलसे कम से कम 15 कर्मचारियों को तत्काल हल्दिया सब-डिविजनल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं। घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

अत्यधिक ज्वलनशील होता है नैफ्था

नैफ्था कच्चे तेल के शोधन से प्राप्त होने वाला अत्यधिक ज्वलनशील और वाष्पशील हाइड्रोकार्बन तरल है। यह कच्चे तेल का लगभग 15 से 30 प्रतिशत हिस्सा होता है और पेट्रोल से पहले अलग किया जाता है। इसका उपयोग पेट्रोकेमिकल उद्योग में प्लास्टिक, रबर और अन्य उत्पादों के निर्माण के साथ-साथ पेट्रोल की गुणवत्ता सुधारने में किया जाता है। इसके अलावा पेंट, वार्निश, पॉलिश और ड्राई क्लीनिंग जैसे कार्यों में भी नैफ्था का व्यापक इस्तेमाल होता है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।