बंगाल में क्रिकेटर अभिषेक पोरेल गिरफ्तार: शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप, छात्रा ने दर्ज कराई थी शिकायत

कोलकाता|2 घंटे पहले
शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप, छात्रा ने दर्ज कराई थी शिकायत

आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलने वाले बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को एक छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने अरेस्ट किया है। पोरेल पर शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट और आपराधिक धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। यह कार्रवाई दमदम पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले इमामी सिटी से जुड़े मामले में की गई है। हालांकि, क्रिकेटर ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है।

हुगली रूरल पुलिस के एसपी कुंवर भूषण सिंह के अनुसार, जून में एक छात्रा ने पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि क्रिकेटर ने शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने मारपीट और आपराधिक धमकियां देने के आरोप भी लगाए। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। बाद में कलकत्ता हाईकोर्ट ने पुलिस को क्रिकेटर की गिरफ्तारी के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

तीन साल से रिलेशनशिप का दावा

शिकायतकर्ता महिला के अनुसार, वह और अभिषेक पोरेल करीब तीन साल से रिलेशनशिप में थे। महिला का कहना है कि पिछले वर्ष दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गए और इसके बाद पोरेल ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। शिकायत में दावा किया गया कि क्रिकेटर ने उससे शादी करने की बात कही थी, लेकिन बाद में वह अपने वादे से पीछे हट गया। महिला ने आरोप लगाया कि शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके साथ ही शोषण और आपराधिक धमकी देने के आरोप भी शिकायत में शामिल हैं।

आरोपों से पोरेल ने किया इनकार

अभिषेक पोरेल ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। वहीं पुलिस मामले की शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। हुगली रूरल पुलिस के अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

दिल्ली कैपिटल्स और इंडिया-ए के लिए खेल चुके हैं

अभिषेक पोरेल भारतीय क्रिकेट में जाना-पहचाना नाम हैं। वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं और इंडिया-ए के लिए भी खेल चुके हैं। इंडिया-ए टीम के साथ वह इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर चुके हैं। पोरेल ने 2021-22 में बंगाल के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक वह 32 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेल चुके हैं। इसके अलावा उनके नाम 23 लिस्ट-ए मैच भी हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।