कोलकाता के होटल में लगी भीषण आग: मासूम समेत 9 की मौत, इलाज कराने आए बांग्लादेशी नागरिक ने गंवाई जान

कोलकाता|58 मिनट पहले
मासूम समेत 9 की मौत, इलाज कराने आए बांग्लादेशी नागरिक ने गंवाई जान

कोलकाता में मंगलवार देर रात एक होटल में लगी भीषण आग ने दहशत मचा दी। मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में रात करीब दो बजे अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में धुआं पूरे परिसर में फैल गया। उस समय होटल में ठहरे लोग गहरी नींद में थे। धुएं के बीच फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हादसे में एक बच्चे और महिला समेत नौ लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

होटल की तीसरी मंजिल पर आग लगने के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। घटनास्थल तक पहुंचने वाला रास्ता संकरा और बेहद तंग होने के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद अग्निशमन विभाग और राहत दल ने अभियान चलाकर होटल में फंसे 60 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी

दमकल विभाग के बयान के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले लोग बांग्लादेशी नागरिक थे। वे इलाज के लिए भारत आए थे और कोलकाता के होटल में ठहरे हुए थे। विभाग ने बताया कि मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में तड़के करीब दो बजे आग लगी थी। हादसे में नौ लोगों की मौत हुई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में एक मासूम बच्चे और महिला के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। लगातार सामने आ रहे होटल अग्निकांडों के बीच इस घटना ने एक बार फिर अग्निशमन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

तारापीठ हादसे के दो दिन बाद फिर अग्निकांड

कोलकाता में यह हादसा बीरभूम जिले के तारापीठ स्थित होटल में हुए अग्निकांड के दो दिन बाद सामने आया है। 17 अगस्त की सुबह होटल विदेशिनी में आग लगने से कम से कम आठ लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। लगातार दो बड़े अग्निकांडों ने पश्चिम बंगाल के होटलों में सुरक्षा मानकों और आग से निपटने की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।