हावड़ा में रवि किशन के रोड शो में हंगामा: रैली में घुसे टीएमसी कार्यकर्ताओं ने किया बवाल, गोरखपुर सांसद बोले कोई मार-पीट न करे

कोलकाता|26 अप्रैल 2026
रैली में घुसे टीएमसी कार्यकर्ताओं ने किया बवाल, गोरखपुर सांसद बोले कोई मार-पीट न करे

पश्चिम बंगाल के हावड़ा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच रविवार को एक रोड शो के दौरान तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। रवि किशन यहां भाजपा प्रत्याशी उमेश राय के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान कुछ टीएमसी समर्थित कार्यकर्ताओं के रोड शो में घुसने और नारेबाजी करने से माहौल अचानक गरमा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उनके हाथों में बम थे और उनका मकसद भय और हिंसा के जरिए लोकतंत्र की आवाज दबाना था। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और केंद्रीय बलों की सतर्कता के चलते स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।

रविवार को हावड़ा में भाजपा के समर्थन में रोड शो निकाला गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। रोड शो आगे बढ़ ही रहा था कि कुछ टीएमसी समर्थित कार्यकर्ता अचानक भीड़ के बीच घुस गए। बताया जा रहा है कि इन लोगों और भाजपा समर्थकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। हालांकि स्थिति बिगड़ने से पहले ही सुरक्षाबलों ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को अलग कर दिया। घटना के दौरान किसी बड़े नुकसान या चोट की खबर नहीं है। लेकिन इस घटना ने चुनावी रैलियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है।

रवि किशन ने की अपील

घटना के दौरान रवि किशन ने खुद आगे आकर स्थिति को संभालने की कोशिश की। उन्होंने अपने वाहन से माइक के जरिए समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बम और गुंडागर्दी के दम पर लोकतंत्र को दबाया नहीं जा सकता। जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में इसका करारा जवाब देगी। लोकतंत्र पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र बचेगा, गुंडाराज हारेगा।

रैली में घुसे टीएमसी कार्यकर्ताओं ने किया बवाल, गोरखपुर सांसद बोले कोई मार-पीट न करे

सुरक्षा बलों की मुस्तैदी

मौके पर सीएरपीएफ और स्थानीय पुलिस की तैनाती पहले से ही थी। सुरक्षा एजेंसियों ने तेजी से स्थिति को नियंत्रित किया। भीड़ को अलग किया गया और किसी भी संभावित हिंसा को रोका गया। चुनावी माहौल को देखते हुए प्रशासन पहले से ही हाई अलर्ट पर है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है।

चुनाव से पहले बढ़ी सियासी गर्मी

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया, जबकि अन्य पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। चुनाव के करीब आते ही राज्य में सियासी माहौल और गर्म होता जा रहा है।

पीएम मोदी के कार्यक्रम भी तय

इसी कड़ी में पीएम नरेंद्र मोदी का भी रविवार को पश्चिम बंगाल दौरा प्रस्तावित है। वे बनगांव और आरामबाग में जनसभाएं करेंगे। इसके बाद शाम को कोलकाता में रोड शो भी करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मतुआ समुदाय से जुड़े एक प्रमुख धार्मिक स्थल पर भी जाएंगे। यह स्थान समुदाय के संस्थापकों हरिचंद और गुरुचंद ठाकुर से जुड़ा हुआ माना जाता है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।