तीन हफ्ते में तीसरे चक्रवात का खतरा: बंगाल की खाड़ी में अवदाब बना, ओडिशा के सभी जिलों को अलर्ट पर रहने के निर्देश

कोलकाता|
सेव सूची

बंगाल की खाड़ी में तीन सप्ताह से भी कम समय के भीतर तीसरे चक्रवात के बनने की संभावना है। इसको देखते हुए ओडिशा सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। राज्य सरकार ने सभी जिलों, खासकर दक्षिणी और तटीय इलाकों को खराब मौसम से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये एहतियाती कदम सोच समझकर उठाए जा रहे हैं। क्योंकि अक्टूबर में आए चक्रवात 'अर्नब' ने दक्षिणी जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया था। और इस महीने की शुरुआत में चक्रवात 'मुरासु' के कारण भी इलाके में तेज बारिश हुई थी।

मौसम विभाग ने क्या बताया

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन में बताया गया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का स्पष्ट क्षेत्र अब 'अवदाब' में बदल चुका है। यह प्रणाली रविवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले तीन घंटों में लगभग 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ी। दूरी: यह ओडिशा के गोपालपुर से दक्षिण-दक्षिण-पूर्व दिशा में लगभग 1,130 किलोमीटर दूर स्थित था।

उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना

इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार, 16 नवंबर को यह दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। वहीं 17 नवंबर को इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। अगले दो दिनों में इस प्रणाली के और मजबूत होने और उत्तर-पश्चिम दिशा में आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने के संकेत हैं।

सतर्कता बरती जा रही

मंत्री सुरेश पुजारी ने स्पष्ट किया कि IMD ने अभी तक इस चक्रवात के तट से टकराने (लैंडफॉल) का कोई पूर्वानुमान नहीं दिया है। उन्होंने कहा, "पिछले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए हमने सभी जिलों को पहले से सतर्क कर दिया है। ताकि किसी भी स्थिति में देरी न हो।

"प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में 24 घंटे काम करने वाले नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेंगे। बचाव कार्य और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए निम्नलिखित बलों को तैयार रखा जाएगा। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF)ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF),अग्निशमन सेवा अन्य आपातकालीन सेवाएं, दक्षिणी ओडिशा के जिलों ने IMD के पूर्वानुमान के बाद लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी शुरू कर दिए हैं।

गंजाम में विशेष तैयारी

पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में 28 अक्टूबर को आए चक्रवात 'अर्नब' के दौरान इस क्षेत्र में विनाशकारी बाढ़ आई थी। इसी को देखते हुए गंजाम के जिलाधिकारी वी. कीर्ति वासन ने शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों को सतर्क रहने और अपनी जिम्मेदारियां पूरी तत्परता से निभाने के निर्देश दिए गए। शनिवार और रविवार को अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे 18 और 19 नवंबर को संभावित बारिश से पहले फसलों की कटाई कर लें। मछुआरों को 16 नवंबर तक तट पर लौट आने की सलाह दी गई है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।