बंगाल में पैसेंजर ट्रेन-स्कूल वैन की टक्कर: दो छात्रों समेत तीन की मौत, हादसे के समय खुला था रेलवे फाटक

कोलकाता|1 घंटा पहले
दो छात्रों समेत तीन की मौत, हादसे के समय खुला था रेलवे फाटक

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण रेल हादसे में स्कूल वैन पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। दुर्घटना में दो स्कूली छात्रों और एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल अंतर्गत बहरमपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्ण और गोबिंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित एक लेवल क्रॉसिंग पर हुआ। जानकारी के अनुसार, एक निजी स्कूल की वैन बच्चों को लेकर रेलवे फाटक पार कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही निमतिता-काटोया पैसेंजर ट्रेन ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दूसरी लाइन से आ गई ट्रेन

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के समय रेलवे फाटक खुला हुआ था। उनका कहना है कि पहले अप लाइन से एक ट्रेन गुजरने तक गेट बंद रखा गया था, लेकिन उसके बाद फाटक खोल दिया गया। इसी बीच दूसरी लाइन से पैसेंजर ट्रेन आ गई और स्कूल वैन उसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद रेलवे गेटमैन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

बताया गया कि स्कूल वैन में चालक सहित आठ लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले कर्णसुबर्ण ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया। बाद में गंभीर रूप से घायल छात्रों को बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।